हिमंत बिस्वा सरमा का कांग्रेस पर पलटवार- 'फर्जी वायोमिंग LLC' पर दिया जवाब...
गुवाहाटी, असम: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को अपनी पत्नी से जुड़े पासपोर्ट विवाद के बीच कांग्रेस पर पलटवार करते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी ने विपक्ष द्वारा कथित रूप से इस्तेमाल किए गए फर्जी वायोमिंग स्थित LLC की तर्ज पर एक कंपनी बनाई है। मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी उस समय आई है जब कांग्रेस के नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि दस्तावेजों से संकेत मिलता है कि सरमा की पत्नी के पास कई सक्रिय पासपोर्ट हैं, जिससे भारतीय कानून के संभावित उल्लंघन पर सवाल उठते हैं।
एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए सरमा ने लिखा, "कांग्रेस ने 199 डॉलर में एक फर्जी वायोमिंग LLC बनाई (दरअसल उन्होंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद इसे बनाया)। हमने भी वायोमिंग में ‘GauravElizabeth786’ नाम से एक LLC बनाई है।" उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, "हमने उसी तरीके का इस्तेमाल करते हुए वायोमिंग में एक LLP सफलतापूर्वक रजिस्टर की है, जैसा @INCIndia ने मेरी पत्नी के नाम पर कथित फर्जी कंपनी बनाने के लिए किया था।” आगे उन्होंने कहा, "तकनीक सिर्फ कांग्रेस के पास नहीं है, हमारे पास भी है। 'GauravElizabeth786' से मिलिए।'
रिनिकी भुइयां शर्मा के पास कई पासपोर्ट हैं- पवन खेड़ा
वहीं, पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि दस्तावेजों से संकेत मिलता है कि सरमा की पत्नी के पास कई सक्रिय पासपोर्ट हैं। उन्होंने कहा, "हिमंत बिस्वा सरमा की राजनीति मुस्लिमों के खिलाफ नफरत पर आधारित है, लेकिन उनकी पत्नी के पास दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट कैसे हैं? भारतीय कानून के अनुसार दोहरी नागरिकता नहीं हो सकती, तो क्या रिंकी भुइयां सरमा के पास भारतीय पासपोर्ट भी है? क्या अमित शाह को इस बारे में जानकारी थी?”
रिनिकी भुइयां शर्मा ने दर्ज कराई एफआईआर
इससे पहले, सरमा ने सेंट किट्स फर्जीवाड़ा मामले का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और चेतावनी दी कि उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा से जुड़े पासपोर्ट विवाद में किसी भी तरह की कथित जालसाजी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा ने मानहानिकारक और मनगढ़ंत दावों का आरोप लगाते हुए आधी रात के बाद गुवाहाटी में कांग्रेस मीडिया चेयरपर्सन पवन खेड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।