देशभर में LPG महंगी: घरेलू सिलेंडर 60 रुपये, कमर्शियल 115 रुपये बढ़ा, जानिए सरकारी दावे...

By  Preeti Kamal March 7th 2026 11:16 AM -- Updated: March 7th 2026 11:28 AM

नई दिल्ली: घरेलू  LPG सिलेंडर की कीमतों में शनिवार, 7 मार्च से बढ़ोतरी कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत पूरे देश में 60 रुपये बढ़ा दी गई है। इसी तरह 19 किलोग्राम के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसका असर होटल, रेस्तरां और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा।

यह बढ़ोत्तरी ऐसे समय में हुई है जब भारत में ऊर्जा आपूर्ति और ईंधन उपलब्धता को लेकर चर्चा चल रही है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पहले आश्वासन दिया था कि देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को आपूर्ति को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, “हमारी प्राथमिकता नागरिकों को सस्ता और टिकाऊ ईंधन उपलब्ध कराना है। भारत में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।”

सूत्रों के मुताबिक, देशभर में  LPG सिलेंडर की कीमत अलग-अलग है:

  • दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के घरेलू  LPG सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है।
  • मुंबई में इसकी नई कीमत 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये हो गई है।
  • कोलकाता में सिलेंडर का दाम 879 रुपये से बढ़कर 939 रुपये हो गया है।
  • चेन्नई में इसकी कीमत 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गई है।

संशोधित दरें आज से तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं, कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है, जो इस प्रकार हैं:

  • दिल्ली में 19 किलोग्राम कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये हो गई है।
  • मुंबई में यह 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये हो गई है।
  • कोलकाता में कीमत 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये हो गई है।
  • चेन्नई में यह 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये हो गई है।

इससे पहले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत अप्रैल 2025 से स्थिर बनी हुई थी, जब दिल्ली में गैर-सब्सिडी वाला सिलेंडर 853 रुपये था। ताजा बढ़ोतरी से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ LPG पर निर्भर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी असर पड़ेगा।

'पेट्रोल और डीजल की कमी की खबरें बेबुनियादी हैं'

इस बीच, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल की कमी की खबरों को खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया। कंपनी ने कहा, “भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार है और आपूर्ति तथा वितरण नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा है। इंडियन ऑयल पूरे देश में निर्बाध ईंधन आपूर्ति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। नागरिकों से अनुरोध है कि घबराएं नहीं और ईंधन पंपों पर भीड़ न लगाएं तथा केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।”

'भारत LPG की आपूर्ति को लेकर काफी सुरक्षित स्थिति में है'- सरकार का दावा

शुक्रवार को सरकारी सूत्रों ने कहा था कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के जरिए आपूर्ति में संभावित बाधा की चिंताओं के बावजूद भारत कच्चे तेल, पेट्रोलियम उत्पादों और  LPG की आपूर्ति को लेकर काफी सुरक्षित स्थिति में है। सूत्रों के अनुसार, भारत के पास कई विविध स्रोतों से ऊर्जा आपूर्ति की उपलब्धता है और मौजूदा कच्चे तेल व पेट्रोलियम उत्पादों का भंडार भी घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।

सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और Strait of Hormuz से संभावित बाधा की स्थिति में वैकल्पिक क्षेत्रों से आपूर्ति बढ़ाने की योजना बना रही है। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने अपने कच्चे तेल के आयात स्रोतों में काफी विविधता लाई है।

सरकार ने सभी LPG रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया

2022 से भारत रूस से भी कच्चा तेल आयात कर रहा है। 2022 में जहां रूस का हिस्सा भारत के कुल कच्चे तेल आयात में सिर्फ 0.2 प्रतिशत था, वहीं बाद के वर्षों में इसमें काफी बढ़ोतरी हुई है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, फरवरी में भारत ने अपने कुल कच्चे तेल आयात का लगभग 20 प्रतिशत रूस से आयात किया, जो करीब 10.4 लाख बैरल प्रतिदिन है। LPG के मोर्चे पर सरकार ने सभी LPG रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया है ताकि देशभर में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल भारत में LPG का भंडार पर्याप्त है।

सूत्रों ने बताया कि जनवरी से अमेरिका से भी LPG की आपूर्ति भारत में शुरू हो गई है। भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने नवंबर 2025 में अमेरिकी गल्फ कोस्ट से 2026 के लिए करीब 2.2 एमटीपीए LPG आयात करने का एक साल का अनुबंध किया है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.