अनुपम खेर के नाटक को दिल्ली में मिला डबल स्टैंडिंग ओवेशन

By  Preeti Kamal May 23rd 2026 05:40 PM -- Updated: May 23rd 2026 04:26 PM

नई दिल्ली, भारत: अभिनेता अनुपम खेर ने अपने थिएटर सफर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दिल्ली में उनके नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ को लगातार दो शो में स्टैंडिंग ओवेशन मिला। सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा करते हुए अनुपम खेर ने राजधानी के दर्शकों का आभार जताया। यह नाटक दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में हाउसफुल शो के साथ प्रस्तुत किया गया।

अनुपम खेर ने लिखा, “दो अलग-अलग शो, दो पूरी तरह अलग दर्शक... लेकिन दोनों जगह एक जैसी स्टैंडिंग ओवेशन!” उन्होंने बताया कि पहले दिन के दोनों शो दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव से भरपूर रहे। उन्होंने लिखा, “कल ‘जाने पहचाने अनजाने’ के दो हाउसफुल शो हुए। दर्शकों की हंसी, खामोशी, भावनाएं और अंत में मिला प्यार इस रात को यादगार बना गया।”

दिल्ली में अभी और नाटक के शो आएंगे- अनुपम खेर

अनुपम खेर ने यह भी बताया कि दिल्ली में नाटक के और भी शो आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा, “यह सफर जारी है... आज और कल भी हमारे दो-दो शो हैं।” थिएटर के अनुभव पर बात करते हुए अभिनेता ने कहा कि दर्शकों की तालियां और जुड़ाव कलाकारों के लिए सबसे बड़ा सम्मान होता है।

उन्होंने लिखा, “एक अभिनेता और थिएटर टीम के लिए इससे बड़ी खुशी नहीं हो सकती कि ऑडिटोरियम तालियों से गूंज उठे और दर्शक आपकी मेहनत, ईमानदारी और भावनाओं से जुड़ जाएं।” अपने संदेश के अंत में उन्होंने दिल्ली के दर्शकों को धन्यवाद देते हुए लिखा, “धन्यवाद दिल्ली, आपके प्यार, गर्मजोशी और स्टैंडिंग ओवेशन ने हमें बेहद खुश कर दिया। जय हो!”

इस नाटक को गजेंद्र अहिरे ने लिखा और निर्देशित किया 

इस नाटक में अनुपम खेर के साथ स्वरूप संपत भी मुख्य भूमिका में हैं। नाटक को गजेंद्र अहिरे ने लिखा और निर्देशित किया है। संगीतकार अनु मलिक ने इस नाटक के लिए संगीत तैयार किया है, जो उनका थिएटर डेब्यू भी है। गीतकार कौसर मुनीर ने नाटक के गीत लिखे हैं, जबकि शान, सुखविंदर सिंह और आनंदी ने अपनी आवाज दी है।

फिल्म और थियेटर जगत के कई कलाकारों ने की जमकर तारीफ़

फिल्म और थिएटर जगत के कई कलाकारों ने भी नाटक की तारीफ की है। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने अनुपम खेर को “रॉकस्टार” बताया, जबकि अभिनेता परवीन डबास ने नाटक को “मनोरंजक और भावनात्मक” कहा।

वर्क फ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर फिलहाल ‘जाने पहचाने अनजाने’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल ही में इस नाटक का मंचन मुंबई के एनसीपीए टाटा थिएटर में भी हुआ था। इसके अलावा, उन्हें हाल ही में यूके इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल फ्लेम अवॉर्ड्स 2026 में फिल्म ‘Calorie’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का पुरस्कार भी मिला।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.