6 दिन बाद मिला मशहूर सिंगर का शव, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

By  Preeti Kamal May 19th 2026 03:09 PM

धियाना, पंजाब: पंजाब से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। 6 दिन पहले गन पॉइंट पर अगवा की गई मशहूर पंजाबी गायिका इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनकी लाश नीलों के पास नहर से बरामद हुई है। परिवार ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। फिलहाल शव को समराला के सिविल अस्पताल में रखा गया है।

गायिका के भाई जोतइंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने 15 मई को ही मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। हालांकि परिवार का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते कोई सख्त कार्रवाई नहीं की।


शादी से इनकार करने पर हत्या का आरोप

मृतका के भाई जोतइंदर सिंह ने बताया कि उनकी बहन यशइंदर उर्फ इंदर कौर 13 मई की रात करीब 8:30 बजे अपनी फोर्ड फिगो कार में घर का सामान लेने बाजार गई थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि उसकी दोस्ती मोगा जिले के गांव भलूर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा से थी। परिवार का आरोप है कि सुखविंदर इंदर कौर से शादी करना चाहता था, लेकिन उसने इनकार कर दिया था। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले पिस्तौल की नोक पर उनका अपहरण किया और बाद में हत्या कर शव नहर में फेंक दिया।


“कनाडा से हत्या करने आया था आरोपी”

पीड़ित परिवार ने दावा किया कि आरोपी सुखविंदर सिंह खासतौर पर कनाडा से पंजाब आया था और वारदात को अंजाम देने के बाद वापस कनाडा फरार हो गया।

वहीं, थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को नीलों नहर में शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार को पहचान के लिए बुलाया गया। पहचान होने के बाद पुलिस आगे की जांच और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.