अमूल ने निभाया अपना ‘कर्तव्य’, सैफ अली खान की फिल्म पर बनाया खास क्रिएटिव
मुंबई, महाराष्ट्र: डेयरी ब्रांड अमूल ने सैफ अली खान की नई फिल्म ‘कर्तव्य’ की रिलीज और बढ़ती लोकप्रियता को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया है। अमूल ने अपनी पारंपरिक रचनात्मक शैली को जारी रखते हुए फिल्म पर नया टॉपिकल जारी किया।
अमूल के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर साझा की गई इस कलाकृति में सैफ अली खान का कैरिकेचर दिखाया गया है, जिसमें वह क्रीम रंग के सूट और डार्क सनग्लासेस पहने नजर आ रहे हैं। अपने मशहूर वर्डप्ले अंदाज में अमूल ने इस टॉपिकल का शीर्षक “BUTTERVYA” रखा, जो ‘कर्तव्य’ और ‘बटर’ का मजेदार मिश्रण है।
इंस्टाग्राम पर शेयर की स्टोरी
टैगलाइन में लिखा गया, “Amul FULFILS ITS DUTY.” नेटफ्लिक्स इंडिया ने इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “no one butter for this than Saif.” वहीं रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने भी इस क्रिएटिव की तारीफ करते हुए लिखा, “Amul ne bhi apna kartavya nibha diya.”
सैफ अली खान की पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर खान ने भी इस कैरिकेचर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, “My love. Always the best.”
फिल्म 'कर्तव्य' में पुलिस की भूमिका में होंगे सैफ
सैफ अली खान स्टारर ‘कर्तव्य’ में वह एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने किया है और इसका निर्देशन ‘भक्षक’ फेम निर्देशक पुलकित ने किया है। यह फिल्म 15 मई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई।
फिल्म के बारे में मीडिया से बात करते हुए सैफ अली खान ने इसे “नैतिकता और वीरता की कहानी” बताया।उन्होंने कहा, “यह प्रोडक्शन हाउस काफी मजबूत है, खासकर शाहरुख खान का बैनर, जिसने हमेशा अर्थपूर्ण कहानियों को समर्थन दिया है। यह एक वीरतापूर्ण और नैतिक कहानी है। ‘भक्षक’ की तरह यह फिल्म भी उसी तरह का उदाहरण है। पुलकित बहुत अच्छे निर्देशक हैं। जब मैंने कहानी पढ़ी, तो मुझे यह बहुत पसंद आई।”
सैफ ने फिल्म की शूटिंग के अनुभव को बताया खास
सैफ ने फिल्म की शूटिंग के अनुभव को भी खास बताया। उन्होंने कहा, “इस फिल्म में काम करने का तरीका थोड़ा अलग था और बहुत मजा आया। पुलकित बहुत अच्छे लेखक और निर्देशक हैं। माहौल बिल्कुल इंडिपेंडेंट फिल्म जैसा था। हर कोई अपनी ड्यूटी से बढ़कर काम कर रहा था।”
‘कर्तव्य’ को एक किरदार-प्रधान क्राइम ड्रामा बताया जा रहा है, जिसमें अंतरात्मा, न्याय और परिणाम जैसे विषयों को जांच-पड़ताल की पृष्ठभूमि में दिखाया गया है। फिल्म में संजय मिश्रा, जाकिर हुसैन, मनीष चौधरी और सौरभ द्विवेदी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म को गौरी खान ने रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है।