अनुपम खेर ने यूके एशियन फिल्म फेस्टिवल में जीता बड़ा अवॉर्ड'

By  Preeti Kamal May 14th 2026 06:20 PM -- Updated: May 14th 2026 05:39 PM

मुंबई, महाराष्ट्र: अभिनेता अनुपम खेर ने अपने करियर में एक और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि जोड़ते हुए यूके एशियन फिल्म फेस्टिवल 2026 में फिल्म ‘कैलोरी’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर फ्लेम अवॉर्ड अपने नाम किया है। ईशा मरजारा द्वारा निर्देशित कनाडाई-भारतीय फिल्म ‘कैलोरी’ ने फेस्टिवल में बेस्ट फिल्म का पुरस्कार भी जीता।

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर यह खुशखबरी साझा करते हुए कहा कि यह किरदार उनके करियर के सबसे भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण रोल्स में से एक था। उन्होंने बताया कि यह किरदार वास्तविक जीवन के अनुभवों से प्रेरित था, जिसके कारण इसे निभाने की प्रक्रिया बेहद चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक रूप से थका देने वाली रही। अनुपम खेर ने अपने पोस्ट में लिखा कि मनोरंजन जगत में दशकों बिताने के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिलना हमेशा खास एहसास देता है।

सराहना मिलना हमेशा अद्भुत होता है- अनुपम खेर

अनुपम खेर ने लिखा, “सराहना मिलना हमेशा अद्भुत होता है, खासकर तब जब यह भारत के बाहर और किसी अंतरराष्ट्रीय फिल्म के लिए मिले।” अभिनेता ने फिल्म ‘कैलोरी’ की पूरी टीम, निर्देशक ईशा मरजारा और निर्माता जो ब्लास को बधाई दी और फेस्टिवल जूरी का आभार व्यक्त किया। इस उपलब्धि के बाद फिल्म इंडस्ट्री से कई कलाकारों ने अनुपम खेर को शुभकामनाएं दीं।

अभिनेत्री नीना गुप्ता ने दी बधाई

अभिनेत्री नीना गुप्ता ने “बधाई” लिखकर खुशी जताई, जबकि फिल्ममेकर अशोक पंडित ने लिखा, “हार्दिक बधाई खेर साहब।” वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर अब अपने नाटक ‘जाने पहचाने अनजाने’ के साथ मंच पर वापसी करने जा रहे हैं। यह नाटक 15 और 16 मई को मुंबई के टाटा थिएटर में प्रस्तुत किया जाएगा। गजेंद्र अहिरे द्वारा लिखित और निर्देशित इस नाटक में संगीत अनु मलिक का है, जबकि गीत कौसर मुनीर ने लिखे हैं।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.