आशा ताई का जाना संगीत प्रेमियों के लिए अपूरणीय क्षति, देशभर में शोक की लहर...
मुंबई, महाराष्ट्र: भारतीय संगीत जगत की एक बड़ी हस्ती के रूप में आशा भोसले का नाम शुमार था और प्लेबैक सिंगर के रूप में उन्होंने दुनिया को कई यादगार गाने दिए, जो आज भी उसी तासीर के साथ अपनी पहचान बनाए हुए हैं।
यह कहना गलत नहीं होगा कि शरीर भले ही चला जाता है, लेकिन कुछ आवाज़ें हवा में हमेशा के लिए ठहरी रह जाती हैं। फिल्म 'नया दौर' से 'तीसरी मंज़िल', 'हरे रामा हरे कृष्णा' से 'उमराव जान' और 'इजाज़त' से होते हुए 'रंगीला' तक... वक़्त बदला, मंज़र बदले, पीढ़ियां बदलीं, पर्दे पर नायिकाएं बदलीं, पर आशा भोसले की आवाज़ हमेशा जवान रही।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
आशा भोसले के निधन की खबर से आज देशभर में शोक की लहर छाई है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने महान गायिका आशा भोसले के निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "आशा भोसले जी के निधन से संगीत जगत में एक गहरा शून्य उत्पन्न हो गया है। एक प्रतिष्ठित गायिका के रूप में उनके शानदार करियर ने भारत में संगीत के एक युग को परिभाषित किया है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साझा की तस्वीरें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया परआशा भोसले के साथ अपनी कुछ यादगार तस्वीरों को साझा किया और विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक, आशा भोसले जी के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूँ।
दशकों तक फैले उनके असाधारण संगीतमय सफर ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ। चाहे उनकी भावपूर्ण धुनें हों या जीवंत रचनाएँ, उनकी आवाज में एक शाश्वत चमक थी। उनके साथ बिताए पलों को मैं हमेशा संजो कर रखूंगा।"
'आशा भोसले के गीत विश्व भर में लोकप्रिय हैं'
महान गायिका आशा भोसले के निधन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, "आशा भोसले और मेरा पिछले कई वर्षों से घनिष्ठ संबंध था। उन्होंने अनेक भाषाओं में कई गीत गाए... उनके गीत आज भी विश्व भर में लोकप्रिय हैं। वे वैश्विक स्तर पर प्रसिद्ध थीं।"
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार लता दीदी ने अपनी गायन प्रतिभा से देश का नाम रोशन किया, आशा भोसले ने भी वही किया... उनका निधन उनके परिवार के लिए एक बड़ा आघात है। हम सभी दुखी हैं। ईश्वर शोक संतप्त परिवार को शक्ति प्रदान करें और उनकी आत्मा को शांति दें।
उनके सुमधुर गीतों की गूंज सदैव बनी रहेगी- रक्षामंत्री
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आशा भोसले को याद करते हुए लिखा, "भारत की सुर सम्राज्ञी आशा भोसले जी का निधन मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। पार्श्व गायिका के रूप में उन्होंने हज़ारो फ़िल्मों एवं संगीत एल्बम्स में अपनी आवाज़ दी। उनके गाये हुए गीतों को भारत की कई पीढ़ियों ने सुना और गुनगुनाया है। उनके सुमधुर गीतों की गूंज सदैव बनी रहेगी।"
श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने लिखा,"आशा भोसले जी का निधन संगीत और जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ। ओम शांति"
संगीत प्रेमियों के लिए शोक का क्षण- देवेंद्र फडणवीस
महान गायिका आशा भोसले के निधन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "यह भारत और पूरे विश्व के संगीत प्रेमियों के लिए शोक का क्षण है। उन्हें सबसे बहुमुखी कलाकार के रूप में जाना जाता था। संगीत के प्रति उनकी सेवा, मंगेशकर परिवार की संगीत के प्रति सेवा - हमने लता दीदी का निधन देखा, और आज हम यह देख रहे हैं। हम सभी दुखी हैं... यह हम सभी के लिए एक बड़ी क्षति है, हम शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।"
'भारतीय संगीत जगत के लिए अत्यंत दुखद दिन'
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया, "आज भारतीय संगीत जगत के लिए अत्यंत दुखद दिन है। स्वर सम्राग्नि आशा भोसले जी के निधन से देश ने संगीत जगत की एक महान हस्ती को खो दिया है..."
आशा भोसले की विरासत युगों-युगों तक गूंजेगी- मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर लिखा, "दिग्गज गायिका आशा भोसले जी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। एक महान और बहुमुखी भारतीय गायिका, वे संगीत इतिहास में सबसे अधिक गीत रिकॉर्ड करवाने वाली कलाकार थीं। संगीत जगत में उनका असाधारण योगदान सात दशकों से अधिक समय तक फैला रहा, जिससे पीढ़ियों को उनकी सदाबहार धुनों से समृद्ध किया गया।"
इसके आगे उन्होंने लिखा, "पद्म विभूषण से सम्मानित, उनकी विरासत भारत की संगीत विरासत का अभिन्न अंग बनी रहेगी और युगों-युगों तक गूंजती रहेगी। उनके परिवार, मित्रों और विश्वभर में उनके प्रशंसकों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं।"