'Dhurandhar: The Revenge' का ट्रेलर रिलीज, रणवीर सिंह बने ‘ल्यारी के बादशाह’
मुंबई, महाराष्ट्र: फिल्म 'Dhurandhar: The Revenge' (धुरंधर 2) का आधिकारिक ट्रेलर आज (7 मार्च) रिलीज़ कर दिया गया है। इस ट्रेलर के साथ निर्देशक आदित्य धर के स्पाई थ्रिलर यूनिवर्स के अगले अध्याय की पहली झलक दर्शकों को देखने को मिली है। करीब 3 मिनट 25 सेकंड लंबे इस ट्रेलर में अंडरकवर एजेंट जस्किरत सिंह रंगी के मिशन की कहानी पहले से ज्यादा गहरी और रोमांचक नजर आ रही है।
फिल्म में रणवीर सिंह एक बार फिर जस्किरत सिंह रंगी के किरदार में नजर आएंगे। सीक्वल में उनका किरदार हमजा अली माज़री के नाम से अपराध की दुनिया में पूरी तरह घुसपैठ करता हुआ दिखाई देता है। ट्रेलर से संकेत मिलता है कि पहले भाग में गैंगस्टर रहमान डकैत (अक्षय खन्ना) की मौत के बाद हमजा ने कराची के लियारी इलाके में अपना दबदबा बना लिया है और उसे “ल्यारी का बादशाह” कहा जाने लगा है। रणवीर सिंह ने फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया है।
फिल्म की कहानी राष्ट्रीय सुरक्षा पर खतरे को दर्शाती है
जहां पहली फिल्म में रंगी के अपराध जगत में घुसकर मिशन पूरा करने की कहानी दिखाई गई थी, वहीं इस बार कहानी राष्ट्रीय सुरक्षा के बड़े खतरे के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है। ट्रेलर में हमजा को एक आतंकी सिंडिकेट के भीतर रहकर उसे खत्म करने की कोशिश करते हुए दिखाया गया है। इस मिशन में मेजर इकबाल (किरदार निभा रहे हैं अर्जुन रामपाल) मुख्य लक्ष्य के रूप में सामने आते हैं।
फिल्म की मजबूत स्टारकास्ट दर्शकों का ध्यान खींचती है
ट्रेलर में फिल्म की मजबूत स्टारकास्ट भी दिखाई देती है। संजय दत्त सख्त पुलिस अधिकारी एसपी चौधरी असलम की भूमिका में नजर आते हैं, जबकि आर.माधवन अजय सान्याल का किरदार निभा रहे हैं। ट्रेलर में एक्शन से भरपूर सीक्वेंस, गोलीबारी, गुप्त बैठकों और शहरी युद्ध के कई दृश्य दिखाए गए हैं। इन दृश्यों के साथ Ari Ari (बॉम्बे रॉकर्स) के रीमिक्स वर्जन का इस्तेमाल किया गया है, जो ट्रेलर को और ऊर्जावान बनाता है।
ट्रेलर के अंत में रणवीर सिंह का एक दमदार डायलॉग सुनाई देता है, जो कहानी के भू-राजनीतिक तनाव को दर्शाता है:
“अब पाकिस्तान का मुस्तकबिल, हिंदुस्तान तय करेगा।”
ट्रेलर रिलीज़ होते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर अपनी उत्सुकता जाहिर करनी शुरू कर दी। एक फैन ने लिखा, “Hold on, I am watching peak.” दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “This is going to be HUGE.” एक और यूजर ने लिखा, “Sold, first day first show.”

फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में 19 मार्च को होगी रिलीज़
फिल्म 19 मार्च 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। यह फिल्म ईद, गुड़ी पड़वा और उगादी के त्योहारों के दौरान रिलीज़ की जा रही है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर इसे बड़ा ओपनिंग मिलने की उम्मीद है। पैन-इंडिया रणनीति के तहत यह स्पाई-एक्शन फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम सहित कई भाषाओं में रिलीज़ होगी।
फिल्म धुरंधर पिछले साल 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी और 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए Pushpa 2: The Rule को भी पीछे छोड़ दिया था और अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई थी।