'मुझे बुली करने वालों को रोकें', ऋतिक रोशन से कंगना रनौत की दो टूक...

ऋतिक रोशन के एक सोशल मीडिया कमेंट पर कंगना रनौत ने प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने ऋतिक और सबा आजाद के रिश्ते का जिक्र करते हुए उनसे अपने नाम पर ऑनलाइन हो रही कथित Bullying और Harassment की निंदा करने की अपील की।

By  Preeti Kamal August 2nd 2026 12:00 PM -- Updated: August 2nd 2026 10:59 AM

मुंबई: अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने अभिनेता ऋतिक रोशन की एक सोशल मीडिया टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर वायरल एक 'माफी' पोस्ट को लेकर चल रही चर्चा में ऋतिक रोशन का नाम आने के बाद कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उन्हें जवाब दिया।

कंगना ने कहा कि वह ऋतिक रोशन और उनकी पार्टनर सबा आज़ाद के रिश्ते को लेकर खुश हैं। हालांकि, उन्होंने ऋतिक से अपील की कि उनके नाम का इस्तेमाल कर ऑनलाइन उन्हें परेशान और बुली करने वालों की निंदा करें।

कंगना ने की ऋतिक  से उत्पीड़न को रोकने की अपील

कंगना ने अपनी पोस्ट में लिखा कि ऋतिक और सबा साथ में अच्छे लगते हैं और चूंकि ऋतिक एक कमिटेड रिलेशनशिप में हैं, इसलिए उनके मुताबिक किसी महिला को इस तरह चिढ़ाना उन्हें शोभा नहीं देता। उन्होंने ऋतिक से कथित ऑनलाइन उत्पीड़न को रोकने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें ऐसी टिप्पणियों को बढ़ावा देने के बजाय उन लोगों की निंदा करनी चाहिए जो उनके नाम का इस्तेमाल कर उन्हें परेशान कर रहे हैं।


किस पोस्ट पर ऋतिक ने किया था कमेंट?

कंगना की यह प्रतिक्रिया उस समय आई जब एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि 'दुनिया ऋतिक रोशन से माफी की कर्जदार है।'

इस पोस्ट पर ऋतिक ने कमेंट करते हुए कहा कि केवल इसलिए 'A' का समर्थन करना क्योंकि अब 'B' पसंद नहीं है, समाज में मौजूद एक बड़ी समस्या का छोटा हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वह तब प्रतिक्रिया देना पसंद करेंगे जब पूरे मामले का संदर्भ सही हो और बात तथ्यों पर आधारित हो।


छात्र प्रदर्शन को लेकर कंगना के बयान से विवाद

कंगना पिछले कुछ समय से छात्र प्रदर्शनों को लेकर अपने सोशल मीडिया पोस्ट की वजह से भी चर्चा में हैं। उन्होंने प्रदर्शन से जुड़े कुछ वीडियो शेयर करते हुए प्रदर्शनकारियों की भाषा और व्यवहार पर तीखी टिप्पणी की थी।

कंगना ने एक पोस्ट में छात्र प्रदर्शनों से जुड़े रील्स को बेहद आपत्तिजनक बताते हुए कहा था कि उन्होंने अपनी जिंदगी में एक जगह पर इतनी 'ugliness' नहीं देखी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के बोलने के तरीके और भाषा पर भी सवाल उठाए थे।

कंगना ने 'Generation Gutter' शब्द का किया था इस्तेमाल

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने युवा महिलाओं के व्यवहार और स्वतंत्रता को लेकर भी टिप्पणी की। कंगना ने कुछ प्रदर्शनकारियों के लिए 'Generation Gutter' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया और उनकी शिक्षा, करियर तथा परिवार को लेकर भी सवाल उठाए।

कंगना के इन बयानों पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। इसी बीच ऋतिक रोशन की टिप्पणी और कंगना के जवाब ने दोनों कलाकारों से जुड़ी पुरानी सोशल मीडिया चर्चाओं को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.