कोलकाता की पृष्ठभूमि पर बनी साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर 'ब्राउन' में दिखेंगी करिश्मा कपूर

By  Preeti Kamal May 31st 2026 03:00 PM -- Updated: May 31st 2026 01:15 PM

मुंबई, महाराष्ट्र: अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने अपनी आगामी वेब सीरीज़ 'Brown' को लेकर दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने इस प्रोजेक्ट में काम करने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में किरदार की गहराई और कहानी सुनने के बाद उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया।

मीडिया से बातचीत में करिश्मा कपूर ने कहा, "शुरुआत में मैंने 'Brown' के लिए मना कर दिया था। मैं सोच रही थी कि इतने दिनों तक कोलकाता कैसे रहूंगी। लेकिन फिर मेरी मुलाकात निर्देशक अभिनय देव से हुई। जब मैंने किरदार और उसकी रॉनेस (यथार्थवादी पहलू) के बारे में सुना तो मैंने तुरंत हां कर दी।"

बेहद चुनौतीपूर्ण और रोमांचक रही भूमिका- करिश्मा कपूर

करिश्मा कपूर ने कहा कि यह भूमिका उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और रोमांचक रही। "मेरा किरदार अंदर से टूटा हुआ है, लेकिन वह मजबूत भी है। उसमें कोमलता भी है और कठोरता भी। मुझे लगता है कि दर्शकों को इस किरदार की यही खासियत पसंद आएगी।"

बहुत कम उम्र में करियर की शुरुआत की- करिश्मा कपूर

अपने करियर पर बात करते हुए करिश्मा ने कहा कि उन्होंने बहुत कम उम्र में काम शुरू कर दिया था और अब वह केवल वही प्रोजेक्ट चुनती हैं जो उनके दिल को छू जाए। उन्होंने कहा, "मैं अब पहले जैसी नहीं हूं। मैंने बहुत काम किया है। मैं दिल से काम करती हूं। अगर कोई कहानी मुझे पसंद आती है तो मैं उसे करती हूं, वरना नहीं।"

सीरीज़ में अहम भूमिका निभा रहीं सोनी राजदान ने कहा कि इस शो में मां-बेटी के रिश्ते को बेहद वास्तविक तरीके से दिखाया गया है और यही इसकी सबसे बड़ी खूबी है। वहीं अभिनेता जिशु सेनगुप्ता ने कहा कि 'ब्राउन' में कई ऐसे दृश्य हैं जहां संवादों से ज्यादा खामोशी कहानी को आगे बढ़ाती है।


पुलिस अधिकारी की भूमिका में नज़र आएंगे अभिनेता सूर्य शर्मा 

अभिनेता सूर्य शर्मा इस सीरीज़ में अर्जुन सिन्हा नाम के पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका किरदार पेशेवर और भावनात्मक जीवन के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करता है। निर्देशक अभिनय देव ने कहा कि उनका उद्देश्य 'ब्राउन' को सिर्फ एक क्राइम थ्रिलर नहीं, बल्कि एक मानवीय कहानी के रूप में पेश करना है, जिसमें दर्शक खुद को पात्रों के संघर्ष, डर और मानसिक उलझनों से जोड़ सकें।

'Brown' की कहानी कोलकाता की पृष्ठभूमि पर आधारित है

सीरीज़ का ट्रेलर शनिवार को जारी किया गया। 'Brown' एक नियो-नोयर साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर है, जिसकी कहानी कोलकाता की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें करिश्मा कपूर रीटा ब्राउन नामक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं, जो अपने अतीत से जूझ रही है। Zee Studios द्वारा निर्मित और अभिनय देव के निर्देशन में बनी यह सीरीज़ 5 जून को ZEE5 पर रिलीज होगी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.