The Kerala Story-2 के मेकर्स को बड़ा झटका, हाईकोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर लगाई रोक
कोच्चि, केरल: फिल्म 'The Kerala Story 2' की रिलीज से एक दिन पहले बड़ा झटका लगा है। केरल हाईकोर्ट ने गुरुवार को फिल्म की रिलीज पर 15 दिनों की अंतरिम रोक (स्टे) लगा दी है। यह फिल्म 27 फरवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब तय तारीख पर सिनेमाघरों में नहीं आ पाएगी। ‘द केरल स्टोरी 2’, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म The Kerala Story का सीक्वल है, जो वर्ष 2023 में रिलीज हुई थी।
फिल्म की कहानी तीन युवा महिलाओं के जीवन पर आधारित है, जो कथित तौर पर भ्रामक विवाहों के जाल में फंस जाती हैं और जबरन धर्म परिवर्तन जैसी परिस्थितियों का सामना करती हैं। ‘द केरल स्टोरी पार्ट-2' का ट्रेलर जारी होने के बाद से ही फिल्म को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। विपक्षी नेताओं, फिल्मी हस्तियों और कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे “प्रोपेगेंडा” बताया है, जबकि फिल्म निर्माता इसे शोध पर आधारित वास्तविक घटनाओं से प्रेरित बता रहे हैं।
नहीं हटाया गया फिल्म का टीजर, मामला कोर्ट में विचाराधीन है
इससे पहले खबरें आई थीं कि अदालत के हस्तक्षेप के बाद फिल्म का टीजर हटा दिया गया है। हालांकि, निर्माताओं ने इन दावों का खंडन किया है। Sunshine Pictures ने एक बयान जारी कर कहा, “हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि ‘The Kerala Story 2 - Goes Beyond’ के टीजर को हटाए जाने की खबरें पूरी तरह झूठी, निराधार और भ्रामक हैं। मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। किसी भी अदालत ने किसी भी सामग्री को हटाने का कोई आदेश नहीं दिया है। हमने कोई भी सामग्री डिलीट या हटाई नहीं है।”
15 दिन के बाद नई तारीख की घोषणा हो सकती है
बयान में आगे कहा गया, “फिल्म का टीजर और ट्रेलर हमारे सभी आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। हम मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और व्यक्तियों से अपील करते हैं कि वे अपुष्ट जानकारी और अटकलों पर आधारित खबरें न फैलाएं। ऐसी गलत सूचनाएं अनावश्यक भ्रम पैदा करती हैं।” इस बीच, माना जा रहा है कि 15 दिन की रोक अवधि के बाद निर्माता नई रिलीज तारीख की घोषणा कर सकते हैं।