'सुबेदार' एक्ट्रेस खुशबू सुंदर ने नई अभिनेत्रियों को बताया सिनेमा का नया चेहरा...

By  Preeti Kamal March 10th 2026 06:08 PM -- Updated: March 10th 2026 06:13 PM

मुंबई, महाराष्ट्र: अभिनेत्री और राजनेता खुशबू सुंदर ने फिल्म इंडस्ट्री की नई पीढ़ी की अभिनेत्रियों की जमकर सराहना की है। उनका कहना है कि आज की युवा अभिनेत्रियों से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मीडिया से बातचीत में खुशबू सुंदर ने बताया कि आज की युवा अभिनेत्रियां शूटिंग पर पूरी तैयारी के साथ आती हैं।

उन्होंने कहा, “आज की लड़कियां बहुत समझदार और शानदार कलाकार हैं। वे अपना पूरा होमवर्क करके सेट पर आती हैं, इसलिए उन्हें सलाह देना मुश्किल हो जाता है। सच कहूं तो उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है। जब मैं आज की नई लड़कियों को देखती हूं, वे अपने मेकअप, कॉस्ट्यूम और पूरी प्रस्तुति को जिस तरह संभालती हैं, वह काबिल-ए-तारीफ है। मुझे लगता है कि उन्हें सलाह देने के बजाय हमें यह सोचना चाहिए कि हम उनसे क्या सीख सकते हैं।”

खुशबू सुंदर ने प्रियंका चोपड़ा जोनस और आलिया भट्ट का दिया उदाहरण

खुशबू सुंदर ने सिनेमा में महिलाओं के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए प्रियंका चोपड़ा जोनस और आलिया भट्ट का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “प्रियंका चोपड़ा ऑस्कर में बतौर प्रेजेंटर नजर आएंगी। आलिया भट्ट हाल ही में BAFTA अवॉर्ड्स में शामिल हुई थीं। आज के दौर में जरूरी है कि हम उन दीवारों को तोड़ें जो हमने खुद बना ली हैं।” फिलहाल खुशबू सुंदर अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई फिल्म ‘सुबेदार’ में नजर आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने अभिनेता अनिल कपूर के साथ काम करने के अपने अनुभव भी साझा किए।

उन्होंने कहा, “अनिल जी तब भी मेरे लिए लकी थे और मुझे लगता है कि आज भी वे मेरे लिए उतने ही लकी हैं।” खुशबू ने यह भी बताया कि वे थिएटर और ओटीटी दोनों प्लेटफॉर्म पर काम करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, “मेरे लिए किरदार की लंबाई से ज्यादा उसका महत्व मायने रखता है। जैसे आपने ‘सुबेदार’ में देखा, मेरे लिए यह ज्यादा अहम है कि वह किरदार फिल्म में कितना महत्वपूर्ण है। बातचीत चल रही है, अगर कुछ दिलचस्प आता है तो मैं जरूर करूंगी।”

भ्रष्टाचार के खिलाफ है फिल्म की कहानी

फिल्म ‘सुबेदार’ की कहानी रिटायर्ड सैनिक सुबेदार अर्जुन मौर्य के इर्द-गिर्द घूमती है, जो घर लौटने के बाद सामान्य जीवन में ढलने की कोशिश करता है। मध्य प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में वह अपने इलाके में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ता है और साथ ही अपनी बेटी श्यामा (राधिका मदान) के साथ जटिल रिश्ते से भी जूझता है। हालात मुश्किल होने पर अर्जुन अपने सैन्य प्रशिक्षण का सहारा लेकर अपने परिवार की रक्षा करता है।

इस फिल्म में अनिल कपूर और राधिका मदान के अलावा खुशबू सुंदर, सौरभ शुक्ला, आदित्य रावल, मोना सिंह और फैसल मलिक भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। सुरेश त्रिवेणी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सुबेदार’ 5 मार्च को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.