प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कपूर परिवार को खास संदेश, अंशुला और रोहन को दिया आशीर्वाद

अंशुला कपूर ने अपने लंबे समय के साथी रोहन ठक्कर से 6 जुलाई को विवाह किया। दोनों की सगाई जुलाई 2025 में हुई थी, जब रोहन ठक्कर ने एक रोमांटिक यात्रा के दौरान उन्हें प्रपोज किया था। शादी के बाद आयोजित भव्य रिसेप्शन में फिल्म जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं।

By  Preeti Kamal July 10th 2026 06:20 PM -- Updated: July 10th 2026 05:37 PM

मुंबई, महाराष्ट्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बॉलीवुड निर्माता बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर और उनके पति रोहन ठक्कर को विवाह की शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया है। साथ ही उन्होंने शादी में आमंत्रित करने के लिए कपूर परिवार का आभार भी व्यक्त किया।

कपूर परिवार को भेजे गए पत्र में प्रधानमंत्री ने लिखा, "अंशुला और रोहन अपने जीवनभर के विश्वास और साथ की नई यात्रा शुरू कर रहे हैं। उनके विवाह के इस शुभ अवसर पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। 6 जुलाई 2026 को आयोजित विवाह समारोह में आमंत्रित करने के लिए आपका हृदय से धन्यवाद।" उन्होंने आगे लिखा कि दोनों का रिश्ता समय के साथ और मजबूत हो तथा उनके जीवन में खुशियां लगातार बढ़ती रहें।

प्रधानमंत्री मोदी दी विवाह की हार्दिक शुभकामनाएँ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा, "दोनों जीवनभर सच्चे जीवनसाथी बनकर एक-दूसरे की कमियों को स्वीकार करें, एक-दूसरे की खूबियों से आगे बढ़ें और हर परिस्थिति में साथ निभाएं। इस विशेष अवसर पर कपूर परिवार को मेरी ओर से एक बार फिर हार्दिक शुभकामनाएं।"

बोनी कपूर ने पीएम मोदी का किया आभार व्यक्त

निर्माता बोनी कपूर ने प्रधानमंत्री का यह पत्र अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, "माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, अंशुला और रोहन के विवाह पर आपके स्नेहपूर्ण संदेश और आशीर्वाद के लिए हमारा हृदय से धन्यवाद। आपके शुभाशीर्वाद ने इस खास अवसर को पूरे कपूर परिवार के लिए और भी यादगार बना दिया है। हम आपके स्नेह और उदारता के लिए बेहद आभारी हैं।"

 शादी के बाद भव्य रिसेप्शन में फिल्म जगत की कई हस्तियां हुईं शामिल

अंशुला कपूर ने अपने लंबे समय के साथी रोहन ठक्कर से 6 जुलाई को विवाह किया। दोनों की सगाई जुलाई 2025 में हुई थी, जब रोहन ठक्कर ने एक रोमांटिक यात्रा के दौरान उन्हें प्रपोज किया था। शादी के बाद आयोजित भव्य रिसेप्शन में फिल्म जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। इनमें रणवीर सिंह, जैकी श्रॉफ, रेखा, बॉबी देओल, जान्हवी कपूर, रकुल प्रीत सिंह, जैकी भगनानी, वरुण धवन और शनाया कपूर समेत कई सितारों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.