'धुरंधर 2' की टीम के लिए सारा अर्जुन का भावुक संदेश, बोलीं- 'ये हैं असली सितारे'
मुंबई, महाराष्ट्र: 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच अभिनेत्री सारा अर्जुन ने फिल्म की सफलता के जश्न के साथ इसके “गुमनाम नायक” (unsung heroes) के लिए एक खास नोट लिखा। सारा ने इंस्टाग्राम पर शूटिंग के दौरान की कुछ बिहाइंड-द-सीन तस्वीरें साझा कीं और एक भावुक संदेश लिखा। उन्होंने निर्देशक आदित्य धर से अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए कहा कि उन्हें शुरुआत से ही कुछ खास होने का अहसास हो गया था।
उन्होंने लिखा, "जब मैंने पहली बार आदित्य सर से मुलाकात की, उनकी आंखों में एक अलग ही चमक थी। तभी मुझे एहसास हो गया था कि वे सिनेमा के लिए कुछ खास करने वाले हैं। इस सफर के हर कदम पर उस एहसास की गहराई और भी स्पष्ट होती गई।"
कैमरे के पीछे काम करने वालों की मेहनत को सराहा
सारा अर्जुन ने यह भी बताया कि फिल्म के पीछे की असली मेहनत उन्हें बाद में समझ आई, जब उन्होंने उन लोगों को देखा जो कैमरे के पीछे रहकर काम करते हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी लिखा कि हम अक्सर उस बारीकी को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन जब सब कुछ खत्म हो गया और मैंने पीछे मुड़कर देखा, तो फ्रेम के बाहर खड़ी पूरी टीम की मेहनत समझ आई। इन लोगों को 'गुमनाम नायक' बताते हुए सारा ने अपना यह पोस्ट फिल्म के हर विभाग को समर्पित किया।

अभिनेत्री सारा अर्जुन ने पूरी टीम को किया धन्यवाद
सारा ने निर्देशन, प्रोडक्शन, कैमरा, कास्टिंग, कॉस्ट्यूम, संगीत, एडिटिंग, वीएफएक्स और डिजाइन टीम का खास तौर पर धन्यवाद किया। रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने के बाद से दर्शकों का जबरदस्त प्यार बटोर रही है और बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल है, जिसमें संजय दत्त, आर. माधवन, राकेश बेदी और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
