सयानी गुप्ता ने लॉन्च किया अपना प्रोडक्शन हाउस, ‘Aasmani’ से शुरुआत...

By  Preeti Kamal March 31st 2026 10:30 AM -- Updated: March 30th 2026 06:46 PM

मुंबई, महाराष्ट्र: अभिनेत्री सयानी गुप्ता ने अपने प्रोडक्शन हाउस ‘Sayani Gupta Movies (SGM)’ की शुरुआत कर दी है। इसके साथ ही उनकी डायरेक्टोरियल डेब्यू शॉर्ट फिल्म ‘आसमानी’ (Aasmani) को पहला प्रोजेक्ट बनाया गया है। एक दशक से अधिक समय तक फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर काम करने के बाद सयानी ने बताया कि प्रोडक्शन में आने का उनका फैसला कहानी कहने की प्रक्रिया में गहराई से जुड़ने की इच्छा से प्रेरित है।

उन्होंने कहा, "यह मेरा लंबे समय से सपना रहा है। मैं हमेशा से कुछ खास तरह की कहानियां बताना चाहती थी। हमारा उद्देश्य एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनाना है जहां सहयोग के लिए बेहतर माहौल हो। हम धीरे-धीरे लेकिन मजबूती से आगे बढ़ेंगे और एक समय में एक ही फिल्म पर ध्यान देंगे। हमारे लिए लेखन, क्राफ्ट और कहानी की गुणवत्ता सबसे अहम होगी।"

फिल्म में रेवती और अभय कौल होंगे मुख्य किरदार

‘आसमानी’, जो SGM का पहला प्रोडक्शन है, उसमें रेवती (Revathy) के साथ दरिया बेदी और अभय कौल नजर आएंगे। इस फिल्म को सयानी गुप्ता ने लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है। हालांकि इससे पहले सयानी ‘Where the Winds Blow’, ‘Upar Neeche’, ‘Dear Men’ और ऑस्कर के लिए क्वालिफाई कर चुकी फिल्म ‘Shameless’ जैसी परियोजनाओं में सह-निर्माता रह चुकी हैं, लेकिन ‘आसमानी’ उनकी पहली फुल-स्केल प्रोडक्शन फिल्म है।

फिल्म के लिए लोकेशन चुनने में लगाया बहुत वक़्त

फिल्म के लिए सयानी ने महाराष्ट्र के कई स्थानों पर एक साल से अधिक समय तक लोकेशन तलाश की और अंत में पुणे को चुना, जहां उनका भारतीय फ़िल्म और टेलीविज़न संस्थान (FTII) से जुड़ाव रहा है। इस फिल्म को सुमित्रा गुप्ता कला फाउंडेशन और वन इंडिया स्टोरीज का समर्थन मिला है, जबकि एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर्स में निखिल आडवाणी, दीया मिर्जा और अनन्या राणे शामिल हैं।

सयानी ने यह भी बताया कि वह वर्तमान में अलग-अलग जॉनर की दो अंतरराष्ट्रीय को-प्रोडक्शन फिल्मों पर काम कर रही हैं, जिससे एक प्रोड्यूसर के रूप में उनकी यात्रा और आगे बढ़ रही है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.