'शेखर टुनाइट' से फिर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे शेखर सुमन...

By  Preeti Kamal May 12th 2026 04:45 PM -- Updated: May 12th 2026 03:20 PM

मुंबई, महाराष्ट्र: अभिनेता शेखर सुमन करीब 14 साल बाद अपने नए टॉक शो ‘शेखर टुनाइट’ के साथ वापसी कर रहे हैं। सोमवार को शेखर सुमन अपनी पत्नी अलका सुमन और बेटे अध्ययन सुमन के साथ मीडिया इवेंट में पहुंचे, जहां शो का आधिकारिक लॉन्च किया गया। अपने नए शो को लेकर शेखर सुमन ने प्रेस नोट में कहा, “मेरे लिए ‘शेखर टुनाइट’ सिर्फ सेलिब्रिटी इंटरव्यू नहीं है, बल्कि यह इंसानी भावनाओं और सच्चे पलों की कहानी है। जो बातें दिल में रह जाती हैं, वे कभी स्क्रिप्टेड नहीं होतीं। वे अचानक आई हंसी, खामोशी और वे पल होते हैं जब लोग परफेक्ट दिखने की कोशिश छोड़ देते हैं।”

उन्होंने कहा कि सालों के अनुभव के बाद उन्हें महसूस हुआ कि सबसे असरदार बातचीत वही होती है, जब लोग कैमरे की मौजूदगी भूल जाते हैं। शेखर सुमन ने आगे कहा, “इतने सालों बाद मैं फिर ऐसी जगह लौटना चाहता था, जहां बातचीत खुलकर हो सके, जहां प्रस्तुति से ज्यादा भावनाओं और ईमानदारी की अहमियत हो।”

शेखर सुमन के बेटे अध्ययन सुमन हैं शो के निर्माता

शो के निर्माता और शेखर सुमन के बेटे अध्ययन सुमन ने कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए बेहद निजी और भावनात्मक है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि एक दौर, एक कलाकार और उस आवाज की वापसी है जिसने देश में बातचीत आधारित मनोरंजन को नई पहचान दी। मेरे लिए और पूरी एक पीढ़ी के लिए शेखर सुमन एक लीजेंड हैं।”

15 मई से शेखर सुमन के यूट्यूब चैनल पर होगा प्रसारित

अध्ययन सुमन ने निर्माता धर्मेश संघानी, रितिका बजाज और पूरी टीम का आभार जताते हुए कहा कि उनकी वजह से यह शो संभव हो पाया। ‘शेखर टुनाइट’ में फिल्म, राजनीति, संगीत, खेल, बिजनेस और संस्कृति जगत की हस्तियां नजर आएंगी। शो में हल्के-फुल्के अंदाज, व्यंग्य, भावनाओं और बेबाक बातचीत का मिश्रण देखने को मिलेगा। यह शो 15 मई से हर शुक्रवार शेखर सुमन के यूट्यूब चैनल पर प्रसारित होगा।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.