'जुरासिक पार्क' के दिग्गज अभिनेता सैम नील का निधन, ऑस्ट्रेलियाई PM एंथनी अल्बनीज़ ने दी श्रद्धांजलि...

इस वर्ष की शुरुआत में दिए एक इंटरव्यू में सैम नील ने बताया था कि वह करीब पांच वर्षों से एक विशेष प्रकार के लिम्फोमा (Lymphoma) से जूझ रहे थे। उन्होंने कहा था कि कीमोथेरेपी ने उन्हें जीवित रखा, लेकिन बाद में उसका असर कम हो गया था। सैम नील ने 1993 में निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग की फिल्म 'जुरासिक पार्क' में डॉ. एलन ग्रांट का किरदार निभाकर वैश्विक पहचान हासिल की।

By  Preeti Kamal July 13th 2026 03:40 PM -- Updated: July 13th 2026 02:54 PM

लॉस एंजिलिस, सिडनी: हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सैम नील (Sam Neill), जिन्हें 'जुरासिक पार्क (Jurassic Park)' फिल्मों में डॉ. एलन ग्रांट (Alan Grant) की भूमिका के लिए दुनिया भर में जाना जाता है, का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। Deadline की रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजीलैंड में जन्मे अभिनेता ने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में अंतिम सांस ली। कुछ महीने पहले ही उन्होंने बताया था कि वर्षों तक कैंसर से जूझने के बाद वह कैंसर-मुक्त (Cancer-Free) हो चुके थे।

अभिनेता के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में बताया गया कि सैम नील अपने अंतिम समय में परिवार के सदस्यों के बीच थे। बयान में कहा गया, "भारी दुख के साथ सैम नील का परिवार यह जानकारी साझा कर रहा है कि 13 जुलाई 2026 को सिडनी, ऑस्ट्रेलिया में उनका निधन हो गया। वह अपने परिवार के बीच थे और पूरे जीवन की तरह गरिमा के साथ इस दुनिया से विदा हुए। उनका निधन अचानक और अप्रत्याशित था, लेकिन यह सुकून की बात है कि वह कैंसर से मुक्त थे। परिवार सेंट विंसेंट्स प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टरों और स्टाफ का आभार व्यक्त करता है।"

ऑस्ट्रेलिया की कई यादगार कहानियों को पर्दे पर जीवंत किया- प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़

परिवार ने इस कठिन समय में निजता बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि आगे की जानकारी बाद में साझा की जाएगी। सैम नील के निधन की खबर के बाद सोशल मीडिया पर दुनियाभर से श्रद्धांजलियों का सिलसिला शुरू हो गया।

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, "सैम नील ने ऑस्ट्रेलिया की कई यादगार कहानियों को पर्दे पर जीवंत किया और ऑस्ट्रेलियाई लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। वह गंभीर, संवेदनशील और विनम्र व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने बीमारी का भी उसी गरिमा, हास्य और साहस के साथ सामना किया, जो उनके हर अभिनय में दिखाई देता था। उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।"

'आप एक शानदार इंसान थे, आपकी बहुत याद आएगी'

अभिनेता और फिल्म निर्माता एलन कमिंग ने लिखा, "सैम, आप एक शानदार इंसान थे। आपकी बहुत याद आएगी। परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।" फ्रांसीसी अभिनेता सेबेस्टियन रोशे ने कहा, "यह बेहद दुखद खबर है। मैंने 'Merlin' में उनके साथ काम किया था। वह न केवल बेहतरीन अभिनेता थे, बल्कि बेहद अच्छे इंसान भी थे।"

पिछले 5 वर्षों से लिम्फोमा से जूढ रहे थे सैम नील

इस वर्ष की शुरुआत में दिए एक इंटरव्यू में सैम नील ने बताया था कि वह करीब पांच वर्षों से एक विशेष प्रकार के लिम्फोमा (Lymphoma) से जूझ रहे थे। उन्होंने कहा था कि कीमोथेरेपी ने उन्हें जीवित रखा, लेकिन बाद में उसका असर कम हो गया था। सैम नील ने 1993 में निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग की फिल्म 'जुरासिक पार्क' में डॉ. एलन ग्रांट का किरदार निभाकर वैश्विक पहचान हासिल की। इसके बाद वह 'Jurassic Park III' और 'Jurassic World Dominion' (2022) में भी नजर आए।

उनकी अन्य चर्चित फिल्मों में 'My Brilliant Career', 'The Final Conflict', 'Dead Calm' और 'The Piano' शामिल हैं। टेलीविजन पर भी उन्होंने 'Reilly: Ace of Spies', 'The Tudors' और 'Peaky Blinders' जैसी लोकप्रिय सीरीज में यादगार भूमिकाएं निभाईं। सैम नील ने दो शादियां की थीं। उनके परिवार में चार बच्चे और आठ पोते-पोतियां हैं।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.