Backfoot पर बादशाह, FIR के बाद सोशल मीडिया से हटाया ‘TATEEREE’ गाना, बोल पर हुआ था विवाद...

By  Preeti Kamal March 7th 2026 05:30 PM -- Updated: March 7th 2026 06:04 PM

हरियाणा: मशहूर रैपर 'बादशाह' जिनका असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है, उन्होंने विवादों में घिरे अपने गाने 'TATEEREE' को सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया है। यह कदम हरियाणा में गाने के बोल को लेकर दर्ज हुई FIR और बढ़ते विरोध के बाद उठाया गया।

सिरसा लोकसभा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने गाने के बोल की भाषा पर सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी गीत में अश्लील शब्दों या महिलाओं, बच्चों अथवा किसी भी व्यक्ति के प्रति आपत्तिजनक भावों का प्रयोग बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। संगीत समाज और विशेषकर युवाओं को प्रभावित करता है। इसलिए गीतों में गरिमा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का निर्वहन होना आवश्यक है। मनोरंजन के नाम पर गलत संदेश देना उचित नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, गाने के कुछ बोलों को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई थी और आरोप लगाया था कि यह महिलाओं की गरिमा के खिलाफ है। इस मामले में हरियाणा में पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की थी। विवाद बढ़ने के बाद हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया और रैपर बादशाह को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। आयोग का कहना था कि गाने के कुछ शब्द महिलाओं के प्रति अपमानजनक प्रतीत होते हैं।

विवाद के बीच बादशाह ने गाने को अपने आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स से हटाने का फैसला लिया। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और यदि गाने से किसी को आपत्ति हुई है तो वह उसका सम्मान करते हैं।


शिकायत के आधार पर की जाएगी कार्रवाई

हालांकि, इस मामले में पुलिस जांच अभी जारी है और संबंधित अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि गाना रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, लेकिन इसके बोलों को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद अब इसे हटा दिया गया है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.