'अब किसी को मत डसना', जैन साध्वियों के मंत्रों से किंग कोबरा मंत्रमुग्ध, वीडियो वायरल...

मध्य प्रदेश के छतरपुर से जैन साध्वियों और सांप का एक वीडियो वायरल हो रहा है। फन फैलाए बैठे सांप के सामने साध्वियों ने णमोकार मंत्र सुनाया और उसे अहिंसा व शांति का संदेश दिया।

By  Preeti Kamal August 3rd 2026 03:20 PM -- Updated: August 3rd 2026 02:28 PM

छत्तरपुर, मध्य प्रदेश: किसी ज़हरीले सांप का ख़्याल भी रोंगटे खड़े करने के लिए काफी होता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कोबरा सांप पर भी मंत्रोचारण का कोई प्रभाव पड़ सकता है। दरअसल, मध्य प्रदेश के छत्तरपुर क्षेत्र से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसमें जैन साध्वियों ने किंग कोबरा जैसे ज़हरीले सांप को णमोकार मंत्र सुनाकर उसे न सिर्फ़ क़ाबू में किया बल्कि अपनी दिशा बदलने को भी राज़ी किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो बुंदेलखंड क्षेत्र का बताया जा रहा है। बताया गया है कि धसान नदी के तट पर स्थित गिरार जी में जैन साधुओं का मंगल चातुर्मास चल रहा है। इसी दौरान साध्वियों की नजर सड़क पर बैठे एक सांप पर पड़ी। सांप को देखकर साध्वियां उसके पास रुक गईं। वीडियो में एक साध्वी सांप से शांत रहने की बात करती हुई दिखाई देती हैं। इसके बाद वे उसे णमोकार मंत्र सुनाती हैं।

'अब किसी को मत डसना...'

वायरल हुए इस वीडियों में आप देख सकते हरैं कि जैन साध्वी बिना डरे कोबरा सांप को हिदायत देते हुए कह रही हैं कि अब वो किसी को न डसे। इसके अलावा, साध्वियों को सांप से अहिंसा और शांति की बात करते हुए सुना जा सकता है। वे उससे कहती हैं कि लंबी यात्रा कर चुके हो, अब किसी को परेशान या डसना नहीं। इसी दौरान साध्वी सांप के काफी करीब बैठकर उसे मंत्र सुनाती हैं।

सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि सांप फन फैलाए हुए वहीं बैठा रहता है। वीडियो के मुताबिक, करीब तीन मिनट तक वह साध्वियों के सामने शांत नजर आया और उनकी ओर हमला करने की कोशिश नहीं की।

सांप को दिया अहिंसा और प्रेम का संदेश

वीडियो में साध्वियां सांप को यह भी कहती नजर आती हैं कि वे उसे मार नहीं रही हैं, बल्कि आशीर्वाद दे रही हैं। पूरा दृश्य जैन धर्म की अहिंसा और जीवों के प्रति करुणा के संदेश से जुड़ा हुआ नजर आता है। हालांकि, यह कहना उचित नहीं होगा कि मंत्र सुनाने की वजह से सांप का व्यवहार बदला। वीडियो में सांप के शांत रहने का दृश्य जरूर दिखाई देता है, लेकिन उसके व्यवहार के वैज्ञानिक कारणों की स्वतंत्र पुष्टि इस रिपोर्ट में नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ वीडियो

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। लोग सांप और साध्वियों के बीच दिखाई दे रहे इस असामान्य दृश्य पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। किसी ने इसे अहिंसा और करुणा का उदाहरण बताया तो किसी ने इसे प्रकृति के साथ शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का संदेश कहा। णमोकार मंत्र जैन धर्म की प्रमुख प्रार्थनाओं में से एक है, जिसमें अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय और साधुओं को नमन किया जाता है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.