उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने 9 नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों को दिलाई शपथ

उपराष्ट्रपति और राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को 9 नवनिर्वाचित और पुनर्निर्वाचित राज्यसभा सदस्यों को शपथ दिलाई। वहीं, NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्र प्रदर्शनों के मुद्दे पर विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने चर्चा की मांग की, जिसके बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

By  Preeti Kamal July 20th 2026 04:30 PM -- Updated: July 20th 2026 03:50 PM

नई दिल्ली: भारत के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को संसद भवन में राज्यसभा के 9 नवनिर्वाचित और पुनर्निर्वाचित सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वाले सदस्यों में कई राज्यों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल रहे। गुजरात से भाजपा के मुकेशभाई जे. राठवा ने शपथ ली, जबकि कर्नाटक से कांग्रेस के पवन खेड़ा ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की।

मध्य प्रदेश से भाजपा के महेश केवट ने भी उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली। पूर्वोत्तर राज्यों से मेघालय के नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के जेम्स पांगसांग कोंगकल संगमा और मिजोरम से जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) के खियांगते लाल्टलुआंगकिमा ने शपथ ली। राजस्थान से भाजपा के सतीश पूनिया ने भी राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। पश्चिम बंगाल से तीन सदस्यों ने शपथ ली। इनमें भाजपा के प्रकाश चिक बराइक, सुष्मिता देव और सुखेंदु शेखर रे शामिल रहे।

NEET मुद्दे पर विपक्ष ने चर्चा की मांग की

इस बीच, NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही 21 जुलाई को सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कथित NEET पेपर लीक और जारी छात्र प्रदर्शनों का मुद्दा उठाया।

सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद खड़गे ने इस मुद्दे पर बोलने की अनुमति मांगी। उन्होंने कहा कि यह मामला लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा हुआ है।खड़गे ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर इस मुद्दे को लेकर हजारों छात्र और प्रदर्शनकारी जुटे हैं। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज का भी मुद्दा उठाया और सरकार पर प्रदर्शनकारियों की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग करने का आरोप लगाया।

खड़गे के बयान के बाद सभापति ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी

विपक्ष के नेता ने सदन में कहा, “आपने मुझे पेपर लीक और NEET परीक्षा घोटाले के संबंध में अपनी बात रखने की अनुमति दी है। यह छात्रों से जुड़ा मामला है और मैं लाखों बच्चों के भविष्य की बात कर रहा हूं। इस मुद्दे को लेकर हजारों छात्र जंतर-मंतर पर जुटे हैं। वहां लाठीचार्ज हुआ है। सरकार बल का इस्तेमाल कर आवाजों को दबाने और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कोशिश कर रही है।” खड़गे के बयान के बाद राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.