लद्दाख के लोगों की पुरानी मांग पूरी, 5 नए जिलों के गठन पर लगी मुहर...
लेह, लद्दाख: लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश में पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना को मंजूरी दे दी। यह कदम जमीनी स्तर पर शासन को मजबूत करने और प्रशासन के विकेंद्रीकरण के उद्देश्य से उठाया गया है। नुब्रा, शम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास नए जिले होंगे। इसके साथ ही लद्दाख में जिलों की कुल संख्या बढ़कर 07 हो गई है, जो पहले 02 थी।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “लद्दाख के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। मैंने पांच नए जिलों—नुब्रा, शम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास—के गठन की अधिसूचना को मंजूरी दी है, जिससे यहां के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। अब लद्दाख में 2 की जगह 7 जिले हो गए हैं। यह कदम प्रधानमंत्री Narendra Modi के विकसित और समृद्ध लद्दाख के विजन के अनुरूप है।”
अगस्त 2024 में गृह मंत्रालय द्वारा मंजूरी मिली थी
इसके आगे उपराज्यपाल ने बताया कि यह निर्णय, जिसे अगस्त 2024 में गृह मंत्रालय द्वारा मंजूरी दी गई थी, जमीनी स्तर पर शासन को मजबूत करेगा, प्रशासन का विकेंद्रीकरण करेगा और दूरदराज के इलाकों में लोगों तक सेवाओं की तेज़ पहुंच सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि नए जिलों के गठन से शासन लोगों के और करीब आएगा, साथ ही विकास, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने इस फैसले से हर नागरिक को लाभ पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। गौरतलब है कि लद्दाख 31 अक्टूबर 2019 को केंद्र शासित प्रदेश बना था और यह अपनी दुर्गम पहाड़ी सुंदरता और विशिष्ट संस्कृति के लिए जाना जाता है।