फ्रैंकफर्ट-हैदराबाद लुफ्थांसा फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

By  Preeti Kamal June 13th 2026 01:45 PM -- Updated: June 13th 2026 01:15 PM

हैदराबाद, तेलंगाना: जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से भारत के हैदराबाद आ रही लुफ्थांसा एयरलाइंस की एक उड़ान को शनिवार को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। फिलहाल धमकी की प्रकृति और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा उठाए गए कदमों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 16 मई को शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी बम धमकी वाला ईमेल मिला था। हालांकि, व्यापक सुरक्षा जांच के बाद वह धमकी झूठी साबित हुई थी।

शाम करीब 6:30 बजे मिला धमकी भरा ईमेल

राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पुलिस के अनुसार, उस समय शाम करीब 6:30 बजे धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट परिसर और विभिन्न उड़ानों की गहन तलाशी ली थी, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया था, "हमने पूरे परिसर और उड़ानों की गहन जांच की थी, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मामले में केस दर्ज कर जांच की गई थी।" फिलहाल फ्रैंकफर्ट-हैदराबाद उड़ान को मिली ताजा धमकी के मामले में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। आगे की जानकारी आधिकारिक पुष्टि के बाद सामने आने की संभावना है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.