मोदी सरकार के 12 साल पूरे, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया

By  Preeti Kamal June 9th 2026 01:30 PM -- Updated: June 9th 2026 12:50 PM

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि 12 वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेकर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के नए युग की शुरुआत की थी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्री बनने की ओर अग्रसर हैं। नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, किसान समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल परिवर्तन और बुनियादी ढांचे के अभूतपूर्व विकास को नई गति मिली है।

12 वर्षों में भाजपा सरकार ने विश्वास के आधार पर काम किया- नितिन नबीन

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस परिवर्तनकारी यात्रा के केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी की "प्रधान सेवक" की भावना और सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता रही है। इसी प्रेरणा से सभी कार्यकर्ता विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रदर्शनी में पहुंचे आगंतुक अभिषेक पटेल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भाजपा सरकार ने विश्वास के आधार पर काम किया है और लगातार तीसरी बार जनता का समर्थन हासिल किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास, आत्मनिर्भरता, स्टार्टअप्स और ऋण सुविधाओं के माध्यम से देश को मजबूत बनाने का कार्य किया है।

'12 वर्षों के कार्यकाल में भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली'

एक अन्य आगंतुक आकांक्षा चतुर्वेदी ने कहा कि यह केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि देश के विकास और जनकल्याण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों का प्रदर्शन है। वहीं, आगंतुक शाश्वत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्पष्ट लक्ष्य मिला है, महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा को बढ़ावा मिला है तथा समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

पिछले 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे- पीएम मोदी

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा कि सरकार के पिछले 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और "नेशन फर्स्ट" की भावना के साथ युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचे से लेकर डिजिटल क्रांति तक भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई है और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.