नई जिम्मेदारियों के लिए सम्राट चौधरी को नीतीश कुमार ने दी शुभकामनाएं
पटना, बिहार: राज्यसभा सांसद और जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख नीतीश ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नई जिम्मेदारियों के सफल संचालन के लिए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। JD(U) प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “आज 7, सर्कुलर रोड स्थित मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी से शिष्टाचार मुलाकात हुई।
इस दौरान उन्हें नई जिम्मेदारियों और विस्तारित मंत्रिमंडल के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में बिहार लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।” गौरतलब है कि गुरुवार को बिहार सरकार के मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार हुआ, जिसमें कई वरिष्ठ नेताओं और पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल हुए चेहरों समेत 32 मंत्रियों को पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में शपथ दिलाई गई।
शपथ समारोह में पीएम सेत कई अन्य नेता रहे मौजूद
यह विस्तार भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बिहार में सरकार बनने के बाद हुआ है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रचंड जनादेश के बाद प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में यह कदम उठाया है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीनऔर NDA के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इसे सत्तारूढ़ गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा के 15, जनता दल (यू) के 13, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 2, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के 1 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 1 नेता को मंत्री बनाया गया।
भाजपा कोटे से कई नेताओं ने ली शपथ
भाजपा कोटे से शपथ लेने वालों में राम कृपाल यादव, केदार गुप्ता, नितिश मिश्रा, मिथिलेश तिवारी, रमा निषाद, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान, संजय सिंह (टाइगर), इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, नंद किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद, अरुण शंकर प्रसाद और श्रेयसी सिंह शामिल हैं। वहीं JD(U) कोटे से निशांत कुमार, श्रवण कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, श्वेता गुप्ता, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत और बुलो मंडल समेत कई नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली।