US राजदूत को पाकिस्तान के समन पर बोले उमर अब्दुल्ला- यह पाकिस्तान और अमेरिका के बीच का मामला
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताने वाले अमेरिकी राजदूत के बयान पर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया को अमेरिका और पाकिस्तान का आपसी मामला बताया। उन्होंने श्रीनगर में 31 करोड़ रुपये की आधुनिक बूचड़खाना परियोजना और अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की योजनाओं की भी जानकारी दी।
श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) के जम्मू-कश्मीर को लेकर दिए बयान के बाद पाकिस्तान द्वारा अमेरिकी राजनयिक को तलब किए जाने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह मामला पाकिस्तान और अमरीका के बीच का है।
बुधवार को भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने श्रीनगर में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद जम्मू-कश्मीर को भारत का एक "महत्वपूर्ण हिस्सा" बताया था। पाकिस्तान द्वारा इस मुद्दे पर अमेरिकी राजनयिक को तलब किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा, "यह पाकिस्तान और अमरीका के बीच का मामला है। न आप और न मैं इसमें कुछ कर सकते हैं।" उन्होंने इस मुद्दे पर आगे टिप्पणी करने से बचते हुए इसे दोनों देशों के बीच का कूटनीतिक मामला बताया।
श्रीनगर में बनेगा आधुनिक बूचड़खाना
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में प्रस्तावित आधुनिक बूचड़खाना परियोजना को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित मांस उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर करीब 31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे दो साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। हालांकि, अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि परियोजना को करीब डेढ़ साल में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
खराब मांस की शिकायतों के बाद तेज हुआ प्रोजेक्ट
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पिछले साल और इस साल भी कई जगहों पर खराब गुणवत्ता का मांस बेचे जाने की शिकायतें मिली थीं। इसी को देखते हुए आधुनिक बूचड़खाने की आवश्यकता महसूस की गई। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की परिकल्पना वर्ष 2011-12 में की गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से इस पर काम आगे नहीं बढ़ सका। अब श्रीनगर नगर निगम के आयुक्त और अन्य अधिकारियों ने इस परियोजना को फिर से शुरू किया है। आधुनिक बूचड़खाने में भेड़ों की जांच की जाएगी, ताकि बीमारियों के प्रसार की आशंका को रोका जा सके। मुख्यमंत्री के अनुसार, पूरी प्रक्रिया हलाल प्रमाणन के अनुरूप होगी।
जम्मू-कश्मीर में पहला अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव
मुख्यमंत्री ने केंद्र शासित प्रदेश में आयोजित होने वाले पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव को लेकर भी अपनी योजना साझा की। उन्होंने कहा कि इसका मकसद केवल बॉलीवुड कलाकारों को जम्मू-कश्मीर लाना नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सिनेमा से जोड़ना है।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि फिल्म महोत्सव के दौरान फिल्म एडिटिंग, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी और संगीत जैसे क्षेत्रों में कार्यशालाएं आयोजित करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देना है, ताकि भविष्य में जम्मू-कश्मीर में फिल्म शूटिंग होने पर तकनीशियनों को बाहर से बुलाने की जरूरत कम हो और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हों।