जन औषधि दिवस पर PM मोदी का संदेश, कहा- "हर नागरिक को सस्ती दवा देना हमारी प्राथमिकता"

By  Preeti Kamal March 7th 2026 12:10 PM -- Updated: March 7th 2026 12:13 PM

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन औषधि दिवस 2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना से लाभान्वित होने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पहल इस बात का प्रतिबिंब है कि सरकार हर नागरिक को किफायती कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र के माध्यम से देशभर के अनगिनत परिवार स्वास्थ्य खर्च में बचत कर रहे हैं और उन्हें उचित उपचार मिल रहा है।

प्रधानमंत्री ने 'प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना' के परिवर्तनकारी प्रभाव की एक झलक भी साझा की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, "#JanAushadhiDiwas2026 के अवसर पर उन सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं, जिन्हें प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना से सकारात्मक लाभ मिला है। यह पहल इस बात का प्रमाण है कि हम हर नागरिक को किफायती कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जनऔषधि केंद्रों के माध्यम से अनगिनत परिवार स्वास्थ्य खर्च में बचत कर रहे हैं और उन्हें उचित उपचार मिल रहा है।"

 नवंबर 2008 में हुई थी इस योजना की शुरूआत

हर साल 7 मार्च को जन औषधि दिवस मनाया जाता है, ताकि इस योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा सके और जेनेरिक दवाइयों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा सके। इस पहल को समर्थन देने के लिए 1 मार्च से 7 मार्च तक देशभर में सप्ताहभर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (PMBJP) की शुरुआत नवंबर 2008 में फार्मास्यूटिकल्स विभाग, रसायन और उर्वरक मंत्रालय द्वारा केंद्रीय फार्मा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों के सहयोग से की गई थी। इस पहल का उद्देश्य प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्रों के माध्यम से आम जनता को किफायती दामों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराना है। 

वहीं, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी जन औषधि दिवस 2026 के अवसर पर सोशल मीडिया पर पेस्ट कर लिखा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में '8वां जन औषधि दिवस' मनाते हुए हमें गर्व हो रहा है। आज देश के 18600 केंद्रों के माध्यम से हर नागरिक को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं सुनिश्चित हो रही हैं। यह उपलब्धि स्वस्थ और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प को सिद्ध करती है। आइए, जेनेरिक दवाओं को अपनाएं और स्वास्थ्य खर्च में भारी बचत करें।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.