राहुल गांधी ने लॉन्च किया ‘सत्याग्रह’ मंच, देशभर के आंदोलनों को एकजुट करने की पहल

राहुल गांधी ने देशभर के विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों को एक मंच पर लाने के लिए ‘सत्याग्रह’ डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। उन्होंने लोगों से अन्याय के खिलाफ अपनी कहानियां साझा करने की अपील की और संसद व सड़क पर समर्थन का भरोसा दिलाया।

By  Preeti Kamal October 3rd 2026 12:15 PM -- Updated: October 3rd 2026 11:39 AM

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ‘सत्याग्रह’ नाम से एक डिजिटल मंच लॉन्च किया। इसका उद्देश्य देशभर में अलग-अलग मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों को एक मंच पर लाना तथा उनकी आवाज को व्यापक समर्थन दिलाना है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए लोगों से ‘सत्याग्रह’ पर अपने साथ हुए अन्याय और अपने संघर्ष की कहानी साझा करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारी अपने मुद्दे और आंदोलन की जानकारी मंच पर दर्ज कर सकते हैं।

लोगों से अन्याय के खिलाफ अपनी कहानी साझा करने की अपील

इस डिजिटल मंच पर लोगों को देशभर में अपने जैसे मुद्दों को लेकर चल रहे दूसरे आंदोलनों को इंटरैक्टिव मानचित्र के जरिए देखने और उनसे जुड़ने का अवसर मिलेगा। राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के सत्याग्रह के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्य एक बड़ा हथियार है, लेकिन सत्य के साथ एकजुट होकर खड़ा होना उससे भी बड़ा हथियार है।

छात्रों से लेकर किसानों और महिलाओं तक के मुद्दे होंगे शामिल

राहुल गांधी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन कई बार वे अकेले लड़ते हैं। उन्होंने छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों के आंदोलनों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि जब किसी की आवाज अकेले उठती है तो उसे दबाना आसान होता है। ‘सत्याग्रह’ पहल का उद्देश्य ऐसी आवाजों को एक साथ लाना है। राहुल गांधी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहा है तो वह अपनी कहानी साझा कर सकता है और इसमें करीब दो मिनट का समय लगेगा।

संसद से सड़क तक समर्थन का भरोसा

राहुल गांधी ने कहा कि मंच पर साझा की गई कहानी मानचित्र पर दिखाई देगी और लोग यह भी देख सकेंगे कि देश में उनके जैसे मुद्दों पर और कौन लोग संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर वह संसद, सड़क या पत्र लिखने के माध्यम से जहां भी जरूरत होगी, लोगों के साथ खड़े होने की कोशिश करेंगे। उन्होंने इसे अपनी जिम्मेदारी बताया।

महंगाई और किसानों से लेकर महिला सुरक्षा तक के मुद्दे

वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में महंगाई, किसानों की समस्याओं, छात्रों के मुद्दों और महिलाओं की सुरक्षा समेत कई विषयों को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में चल रहे इन आंदोलनों की जानकारी को एक जगह एकत्र करने के उद्देश्य से ‘सत्याग्रह’ वेबसाइट शुरू की गई है।

राहुल गांधी ने आम लोगों से कहा कि उनका आंदोलन बड़ा हो या छोटा, वे अपना नाम, संगठन का नाम और प्रदर्शन का मुद्दा दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी आंदोलन को मदद की जरूरत होगी और वे सहयोग कर सकते हैं, तो वह समर्थन देने की कोशिश करेंगे।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.