'₹499 में Boyfriend'! सोशल मीडिया ऑफर के पीछे साइबर फ्रॉड, पुलिस ने दी चेतावनी...

‘Rent Boyfriend’ के नाम पर सोशल मीडिया पर चल रहे नए साइबर फ्रॉड को लेकर Hyderabad Police ने युवतियों और महिलाओं को सतर्क किया है। पुलिस ने एडवांस पेमेंट और निजी जानकारी साझा करने से बचने की अपील की।

By  Preeti Kamal August 10th 2026 11:25 AM -- Updated: August 10th 2026 11:05 AM

हैदराबाद, तेलंगाना: सोशल मीडिया पर ‘Rent Boyfriend’ के नाम से चल रहे कथित ऑनलाइन ऑफर्स को लेकर हैदराबाद पुलिस ने युवतियों और महिलाओं को सतर्क किया है। पुलिस के मुताबिक, साइबर ठग आकर्षक पोस्टर और ऑफर्स के जरिए महिलाओं को निशाना बना रहे हैं और बाद में बुकिंग, सिक्योरिटी डिपॉजिट या एडवांस पेमेंट के नाम पर पैसे ठग रहे हैं।

हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार (V.C. Sajjanar) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोगों को इस नए साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि Instagram, Telegram और Facebook जैसे प्लेटफॉर्म पर ‘Rent Boyfriend - Your Personal Companion’ जैसे नामों से विज्ञापन प्रसारित किए जा रहे हैं। इन पोस्ट में कॉफी मीटिंग, मूवी डेट, शॉपिंग, शादी या इवेंट में साथ जाने और कई घंटों के पैकेज तक के ऑफर दिखाए जाते हैं। कथित तौर पर इनकी कीमत ₹499 से लेकर ₹4,499 तक बताई जा रही है। ठग इन सेवाओं को प्राइवेट और सुरक्षित बताकर लोगों को Direct Message के जरिए संपर्क करने के लिए कहते हैं।

AI तस्वीरों से बनाया जाता है फर्जी प्रोफाइल

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी कई बार AI-generated images या इंटरनेट से ली गई तस्वीरों का इस्तेमाल कर आकर्षक प्रोफाइल तैयार करते हैं। संपर्क करने के बाद वे भरोसा जीतने के लिए बातचीत करते हैं और फिर बुकिंग कन्फर्मेशन, सिक्योरिटी फीस या एडवांस भुगतान के नाम पर पैसे मांगते हैं।भुगतान के लिए डिजिटल वॉलेट या QR कोड भेजे जा सकते हैं। पैसा मिलने के बाद ठग पीड़ित को ब्लॉक कर देते हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अनजान लोगों के साथ मोबाइल नंबर, फोटो या निजी जानकारी साझा करने से आगे ब्लैकमेल और धमकी जैसी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं।

पुलिस की लोगों से अपील

हैदराबाद साइबर क्राइम विंग ने लोगों से ऐसे संदिग्ध सोशल मीडिया पोस्ट से दूर रहने को कहा है। पुलिस ने विशेष रूप से युवतियों और अभिभावकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। पुलिस के मुताबिक, अनजान व्यक्ति से ऑनलाइन संपर्क करने, उससे मिलने या किसी भी तरह का एडवांस भुगतान करने से बचना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति ऐसे फ्रॉड का शिकार हो जाता है या उसे कोई संदिग्ध पोस्ट दिखाई देती है, तो तत्काल शिकायत करनी चाहिए।

साइबर फ्रॉड की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क किया जा सकता है या राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के जरिए शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.