हैम्पटन स्काई रियल्टी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, तीन राज्यों में 6 ठिकानों पर छापेमारी

By  Preeti Kamal June 9th 2026 10:57 AM

पंजाब: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत चल रही जांच के सिलसिले में मंगलवार को पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में छह स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े कथित रियल एस्टेट मामले की जांच के तहत की गई। तलाशी अभियान उन व्यक्तियों और संस्थाओं के आवासीय तथा व्यावसायिक परिसरों में चलाया गया, जो जांच के दायरे में हैं।

ईडी अधिकारियों ने बताया कि सर्च ऑपरेशन लुधियाना और जालंधर (पंजाब), बरेली (उत्तर प्रदेश) तथा दिल्ली-नोएडा क्षेत्र के कुल छह परिसरों में किया गया। जांच एजेंसी ने संबंधित लोगों के घरों और कार्यालयों में दस्तावेजों एवं अन्य रिकॉर्ड की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई पीएमएलए के तहत जारी जांच का हिस्सा है और मामले में आगे की जांच जारी है।

साइबर धोखाधड़ी मामले में भी ईडी का बड़ा खुलासा

एक अन्य मामले में ईडी ने खुलासा किया था कि कंबोडिया से संचालित 36,000 सक्रिय भारतीय सिम कार्डों का नेटवर्क सामने आया है। इनमें से करीब 5,300 सिम कार्ड देशभर में सैकड़ों करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामलों से जुड़े पाए गए।

यह मामला तब सामने आया जब ईडी ने जोधपुर साइबर पुलिस थाना में दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि कुछ पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) विक्रेताओं ने फर्जी तरीके से भारतीय मोबाइल नंबर सक्रिय कर विदेशी नागरिकों को उपलब्ध कराए। ईडी के अनुसार, इन सिम कार्डों को बाद में मलेशियाई नागरिकों के जरिए कंबोडिया से संचालित किया गया और भारत में साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया गया।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.