‘प्राइवेट स्कूल भी फेल हैं इनके सामने’, केजरीवाल ने साझा किया पंजाब के 3 सरकारी स्कूलों का वीडियो

अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के तीन सरकारी स्कूलों का वीडियो साझा कर राज्य की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का दावा किया। उन्होंने सरकारी स्कूलों की सुविधाओं की तारीफ करते हुए कहा कि कई स्कूलों के सामने निजी स्कूल भी फेल नजर आते हैं।

By  Preeti Kamal August 29th 2026 02:00 PM -- Updated: August 29th 2026 01:30 PM

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। वीडियो के जरिए उन्होंने पंजाब में सरकारी स्कूलों में हुए बदलाव और बेहतर होती शैक्षणिक सुविधाओं को सामने रखा। केजरीवाल ने वीडियो के साथ दावा किया कि पंजाब के कुछ सरकारी स्कूलों की सुविधाएं ऐसी हैं कि उनके सामने निजी स्कूल भी पीछे नजर आते हैं।

यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है जब पंजाब की शिक्षा व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस तेज है। हाल ही में केजरीवाल ने भाजपा को पंजाब और गुजरात के 1,000-1,000 सरकारी स्कूलों का संयुक्त निरीक्षण कराने की चुनौती भी दी थी। केजरीवाल लगातार पंजाब के सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे और सुविधाओं में सुधार को अपनी पार्टी के प्रमुख कामों में गिना रहे हैं।

19,200 स्कूलों में बदलाव का दावा

इससे पहले केजरीवाल ने पंजाब के मानसा जिले के भैणी भागा स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की नई सुसज्जित लाइब्रेरी का वीडियो साझा किया था और कहा था कि सरकारी स्कूल भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा सकते हैं। अब तीन सरकारी स्कूलों का वीडियो साझा करते हुए केजरीवाल ने इसी शिक्षा मॉडल को जनता के सामने रखने की कोशिश की है।

25 अगस्त को केजरीवाल ने पंजाब के स्कूलों को लेकर भाजपा को चुनौती देते हुए दावा किया था कि राज्य के करीब 19,700 सरकारी स्कूलों में से 19,200 स्कूलों की तस्वीर बदली जा चुकी है, जबकि बाकी करीब 500 स्कूलों में भी सुधार का काम जारी है। उन्होंने कहा था कि इन स्कूलों को भी अगले डेढ़ से दो वर्षों में बेहतर बनाने का लक्ष्य है। केजरीवाल ने यह भी दावा किया था कि पंजाब की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में AAP सरकार के सत्ता में आने के बाद बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय केवल सरकार को नहीं, बल्कि शिक्षकों, प्रधानाचार्यों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को भी दिया।

शिक्षा मॉडल पर लगातार जोर दे रही AAP

पंजाब में सरकारी स्कूलों का आधुनिकीकरण, नई सुविधाएं और स्कूल लाइब्रेरी जैसे विषय AAP के शिक्षा मॉडल के प्रमुख हिस्से रहे हैं। केजरीवाल इससे पहले भी पंजाब के सरकारी स्कूलों की तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर चुके हैं। हालांकि, सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता को लेकर राजनीतिक दावों के बीच विपक्षी दलों की ओर से भी सवाल उठाए जाते रहे हैं। ऐसे में केजरीवाल द्वारा तीन स्कूलों का वीडियो साझा करना पंजाब के शिक्षा मॉडल को लेकर चल रही राजनीतिक बहस का हिस्सा माना जा रहा है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.