पंजाब में छापों को लेकर गरमाई सियासत, केजरीवाल ने केंद्र पर साधा निशाना...

By  Preeti Kamal June 9th 2026 12:15 PM -- Updated: June 9th 2026 11:33 AM

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पंजाब में छोटे हिंदू व्यापारियों को परेशान कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में व्यापारियों के यहां लगातार छापेमारी की जा रही है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, "ED पार्टी आज फिर पंजाब में हिंदू व्यापारियों के यहां छापेमारी कर रही है। ईडी पंजाब के छोटे-छोटे हिंदू व्यापारियों को परेशान कर रही है।"

उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। केजरीवाल ने भरोसा दिलाया कि पूरा पंजाब और पंजाब सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, "मैं सभी व्यापारियों से अपील करता हूं कि घबराने की जरूरत नहीं है। पूरा पंजाब और पंजाब सरकार आपके साथ है। हम सब मिलकर ईडी पार्टी का मुकाबला करेंगे।"

ED ने पंजाब, यूपी, दिल्ली-NCR में 6 जगहों पर चलाया तलाशी अभियान

इस बीच, प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत चल रही जांच के सिलसिले में पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में छह स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।

अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई कथित रूप से हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े रियल एस्टेट मामले की जांच का हिस्सा है। तलाशी अभियान लुधियाना और जालंधर (पंजाब), बरेली (उत्तर प्रदेश) तथा दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में स्थित आवासीय और व्यावसायिक परिसरों में चलाया गया। ईडी अधिकारियों ने बताया कि जिन व्यक्तियों और संस्थाओं के परिसरों पर छापेमारी की गई, वे जांच के दायरे में हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.