पंजाब में सियासी बवाल: रंधावा केस में AAP MLA की गिरफ्तारी...

By  Preeti Kamal March 24th 2026 10:45 AM -- Updated: March 24th 2026 10:19 AM

चंडीगढ़, पंजाब: पंजाब के पूर्व मंत्री और AAP विधायक लालजीत सिंह भुल्लर को सोमवार को पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन, अमृतसर के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पहले ही इस विवाद के बाद भुल्लर का इस्तीफा स्वीकार कर चुके थे।

मुख्यमंत्री मान का कहना है कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर काम करती है और ऐसे मामलों में किसी तरह का पक्षपात नहीं किया जाएगा। अमृतसर के पुलिस उपायुक्त (जांच) रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि भुल्लर को आत्महत्या मामले में गिरफ्तार किया गया है और मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

उकसाने और धमकी देने की धाराएं लगाई जाएंगी

सीएम ने कहा कि भुल्लर को CIA स्टाफ में रखा गया है और उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराएं लगाई जाएंगी। DCP संधू ने मीडिया से बातचीत में कहा, “आज गिरफ्तारी की गई है। हमारी टीम अमृतसर पहुंच चुकी है। उन्हें CIA स्टाफ में रखा गया है और कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी देने की धाराएं लगाई जाएंगी।”

यह विवाद तब शुरू हुआ जब आरोप लगे कि अमृतसर में पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा को मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर द्वारा परेशान किया गया, जिससे उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। इस बीच, पंजाब पुलिस ने इस मामले में भुल्लर के खिलाफ FIR दर्ज की है। उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और उनके पीए दिलबाग सिंह को भी मामले में नामजद किया गया है।

कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने लगाए गंभीर आरोप

पंजाब कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि AAP सरकार के ‘भ्रष्ट और दमनकारी सिस्टम’ के खिलाफ एक मजबूत संदेश है। वड़िंग ने आरोप लगाया कि एक ईमानदार अधिकारी ने दबाव और भ्रष्टाचार के कारण अपनी जान गंवाई, लेकिन सरकार सच दबाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि मंत्री का इस्तीफा केवल दिखावा है और इससे सरकार की जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाया कि अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई और आरोपियों को क्यों बचाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “यह साफ दिखाता है कि सरकार न्याय देने से ज्यादा अपनी छवि बचाने में लगी है।”

कांग्रेस नेता ने इस मामले को जवाबदेही की लड़ाई बताया

वड़िंग ने इसे सच, न्याय और जवाबदेही की लड़ाई बताते हुए कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक मामला नहीं, बल्कि सिस्टम में गहराई तक फैले भ्रष्टाचार की तस्वीर है, जहां ईमानदार अधिकारियों को किनारे कर दिया जाता है और ताकतवर लोग खुलेआम घूमते हैं।”

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.