अयोध्या में 36 लाख से ज्यादा दीयों से जगमगाया सरयू तट, लगातार 10वीं बार हुआ दीपोत्सव

शनिवार की शाम अयोध्या में सरयू किनारे 36 लाख से ज्यादा दीये एक साथ जले, तो पूरी रामनगरी रोशनी से नहा गई।

By  Mangala Tiwari November 8th 2026 07:51 AM

अयोध्या:  शनिवार की शाम अयोध्या में सरयू किनारे 36 लाख से ज्यादा दीये एक साथ जले, तो पूरी रामनगरी रोशनी से नहा गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार 10वीं बार यह दीपोत्सव मनाया गया। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम की पैड़ी पर दीये जलाए। तीनों ने यूपी पर्यटन विभाग की ओर से तैयार रामायण के प्रसंगों पर 3डी होलोग्राफी प्रोजेक्शन मैपिंग और लाइव परफॉर्मेंस वाला लेजर शो भी देखा। उपराष्ट्रपति ने अपने भाषण में आयोजन की जमकर तारीफ की। भगवान राम के अयोध्या आगमन की खुशी में भव्य आतिशबाजी भी हुई।


हर तरफ गूंजता रहा जय श्रीराम:


कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी पर दीयों से सजी अयोध्या को जो भी देखता, देखता ही रह जाता। अयोध्या के लोग हों, दूसरे राज्यों से आए श्रद्धालु हों या विदेश से आए पर्यटक, सब इस नजारे में खोए रहे। चारों तरफ 'श्रीराम, जय राम, जय जय राम', 'जय सिया राम' और 'सियावर रामचन्द्र की जय' के नारे गूंजते रहे। शहर के मंदिरों, गलियों, मुख्य सड़कों और सरकारी व धार्मिक इमारतों पर खास रोशनी की गई थी। शहर के लोगों ने भी अपने घरों में दीये जलाए।


56 घाटों पर 35 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों ने सजाए दीये:


मुख्यमंत्री की अपील पर अयोध्या के घरों, मठ-मंदिरों, आश्रमों, चौराहों और इमारतों पर दीये जलाए गए। राम की पैड़ी समेत 56 घाटों पर 36 लाख से ज्यादा दीये जले। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों और स्वयंसेवी संस्थाओं के 35 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों ने दीये बिछाने, उनमें तेल-बाती डालने और उन्हें जलाने का काम संभाला।


हेलीकॉप्टर से फूल बरसे, मुख्यमंत्री ने खींचा रथ:


पुष्पक विमान से जब राम, लक्ष्मण और माता सीता के स्वरूप अयोध्या पहुंचे, तो हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कई मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों ने उनका रथ खींचा। यह नजारा देखकर कई श्रद्धालुओं की आंखें भर आईं।


रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान जी और ऋषि-मुनियों की आरती उतारी। उन्हें तिलक लगाया और माला पहनाई। मंच पर मुख्यमंत्री, संतों और मंत्रियों ने श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक भी किया।


उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भगवान श्रीराम का राजतिलक कर आरती उतारी। सभी ने श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और हनुमान जी को तिलक लगाकर उपहार भेंट किए। इसके बाद साधु-संतों और दूसरे मंत्रियों ने भी राजतिलक और आरती की।


जयकारों से शुरू और जय श्रीराम पर खत्म हुआ भाषण:


योगी आदित्यनाथ ने 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद दीपोत्सव की शुरुआत की थी। तब से हर साल इसका दायरा बढ़ता गया और इस साल 36 लाख से ज्यादा दीये जले। मुख्यमंत्री ने रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर अपना भाषण 'सियावर रामचंद्र भगवान, पवनसुत हनुमान, वृंदावन बिहारी लाल, सरयू मैया, भारत माता, हर हर महादेव' के जयकारों से शुरू किया और 'जय जय श्रीराम' के साथ खत्म किया। दीपोत्सव में हर प्रदेश, भाषा, समुदाय और जाति के लोग दीया जलाने पहुंचे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की सोच की झलक दिखी।


फूलों से सजी अयोध्या, 2500 से ज्यादा कलाकारों ने दी प्रस्तुति:


श्रीराम मंदिर के मुख्य द्वारों पर तोरणद्वार बनाए गए और कई कुंतल फूलों से पूरे शहर को सजाया गया। चौराहों पर रंगोली बनाई गई। सुबह निकली शोभायात्रा में 21 झांकियां शामिल रहीं। दूसरे देशों के कलाकारों ने भी रामलीला का मंचन किया। देश-विदेश और प्रदेश के 2500 से ज्यादा कलाकारों ने अयोध्या में अपनी कला दिखाई। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के कलाकारों ने अपनी लोक संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं।


सरयू आरती और स्वदेशी ड्रोन शो:


वेदाचार्यों ने सरयू आरती की। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सरयू मैया की आरती उतारी। इसमें योगी कैबिनेट के दूसरे मंत्री, साधु-संत और कई खास मेहमान भी शामिल हुए। इसके लिए कई मंच बनाए गए थे। स्वदेशी ड्रोन शो में अयोध्या के आसमान पर श्रीराम की आकृति बनी और रामायण के अलग-अलग प्रसंग दिखाए गए। बता दें कि रामलला 22 जनवरी 2024 को अयोध्या के भव्य मंदिर में विराजमान हो चुके हैं।




Related Post

यूपी चुनाव 2027: ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलाया हाथ, दलित-मुस्लिम समीकरण साधने की तैयारी; 150 सीटों पर नजर
उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहने वालों पर बरसे सीएम योगी, बोले- गंगा-यमुना भी उत्तराखंड से आती हैं, ऐसा कहना छोटी सोच
सरयू की 220 टन रेत से बना 58 फीट लंबा राम दरबार, दीपोत्सव में सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का संगठन मजबूत करने में जुटीं प्रियंका गांधी, सपा से गठबंधन की तैयारी तेज
नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का होगा विस्तार, 15.1 किलोमीटर लंबा बनेगा नया कॉरिडोर; 10 स्टेशन बनाएगी L&T
चुनाव सुधार पर अखिलेश यादव का नया प्रस्ताव, आधार और बायोमेट्रिक पहचान से वोटिंग कराने की उठाई मांग

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.