सरयू की 220 टन रेत से बना 58 फीट लंबा राम दरबार, दीपोत्सव में सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

योगी सरकार के दीपोत्सव 2026 में अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने रेत से राम दरबार बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है।

By  Mangala Tiwari November 11th 2026 10:47 PM

अयोध्या:  योगी सरकार के दीपोत्सव 2026 में अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने रेत से राम दरबार बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। सरयू किनारे राम कथा पार्क में उन्होंने अपने साथियों के साथ 220 टन सरयू की रेत से 58 फीट लंबा और 20 फीट ऊंचा राम दरबार और राम मंदिर की विशाल कलाकृति तैयार की। यह कलाकृति विश्व शांति, मानवता और भाईचारे का संदेश देती है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के न्योते पर बनी इस कृति को 'बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड' में दर्ज कर लिया गया है।


सात दिन में तैयार हुई कलाकृति:


कलाकृति बनाने का काम 30 अक्टूबर को शुरू हुआ और सात दिन की लगातार मेहनत के बाद 7 नवंबर को पूरा हुआ। मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि यह उनकी इस तरह की पहली कलाकृति है और रेत से बनी दुनिया की सबसे लंबी राम दरबार कलाकृति भी है।


दीपोत्सव के उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह कलाकृति देखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में बनी ऐसी ऐतिहासिक कला को शहर कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कलाकार को विश्व रिकॉर्ड की बधाई दी। उपराष्ट्रपति ने 'वेल डन' कहकर उनकी तारीफ की।


डिजिटल प्रमाणपत्र मिला, गिनीज की प्रक्रिया जारी:


मधुरेंद्र कुमार ने 30 अक्टूबर को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड को इसकी सूचना भेजी थी। 7 नवंबर को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने ईमेल से इसे मंजूरी दे दी। रिकॉर्ड संख्या IND/2026/001810 के तहत इसे दर्ज कर डिजिटल प्रमाणपत्र दिया गया है। गिनीज की प्रक्रिया अभी चल रही है। यह कलाकृति उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से बनी, जो अयोध्या को दुनिया भर में पर्यटन और संस्कृति का बड़ा केंद्र बनाने की सरकार की कोशिशों का हिस्सा है।


25 से ज्यादा देशों में कर चुके हैं भारत का प्रतिनिधित्व:


मधुरेंद्र कुमार बिहार के पूर्वी चंपारण के रहने वाले हैं। वे अब तक 25 से ज्यादा देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और 12 से ज्यादा विश्व रिकॉर्ड उनके नाम हैं। वे रेत, कोयले की राख, पत्तों, फल-सब्जियों और रीसाइकिल सामान से हजारों कलाकृतियां बना चुके हैं। अमेरिका इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने उन्हें रेत कला में मानद डॉक्टरेट की उपाधि भी दी है। उनकी कलाकृतियां ज्यादातर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति और विश्व शांति जैसे विषयों पर होती हैं।

Related Post

यूपी चुनाव 2027: ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलाया हाथ, दलित-मुस्लिम समीकरण साधने की तैयारी; 150 सीटों पर नजर
उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहने वालों पर बरसे सीएम योगी, बोले- गंगा-यमुना भी उत्तराखंड से आती हैं, ऐसा कहना छोटी सोच
यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का संगठन मजबूत करने में जुटीं प्रियंका गांधी, सपा से गठबंधन की तैयारी तेज
नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का होगा विस्तार, 15.1 किलोमीटर लंबा बनेगा नया कॉरिडोर; 10 स्टेशन बनाएगी L&T
चुनाव सुधार पर अखिलेश यादव का नया प्रस्ताव, आधार और बायोमेट्रिक पहचान से वोटिंग कराने की उठाई मांग
अयोध्या में जहां कभी श्रद्धालुओं पर बरसती थीं लाठियां, आज वहां जलते हैं लाखों दीपक: CM योगी

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.