दीपोत्सव में स्वदेशी ड्रोन शो: अयोध्या के आसमान पर दिखे रावण वध, पुष्पक विमान और राम मंदिर

दीपोत्सव-2026 में राम की पैड़ी पर हुए स्वदेशी ड्रोन शो ने लोगों का खूब ध्यान खींचा।

By  Mangala Tiwari November 8th 2026 08:55 AM

अयोध्या:  दीपोत्सव-2026 में राम की पैड़ी पर हुए स्वदेशी ड्रोन शो ने लोगों का खूब ध्यान खींचा। जैसे ही आसमान में ड्रोन की रोशनी से प्रभु श्रीराम की वीर मुद्रा, रावण वध, पुष्पक विमान और राम दरबार की आकृतियां बनीं, नीचे खड़े लोग देखते रह गए। किसी ने तालियां बजाईं तो कोई मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने लगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए इस दीपोत्सव में ड्रोन शो देखने के लिए राम की पैड़ी पर भारी भीड़ जुटी।


आसमान में उभरे रामायण के प्रसंग:


ड्रोन शो में रामायण के कई अहम प्रसंग आसमान में दिखाए गए। श्रीराम की वीर मुद्रा, रावण वध और पुष्पक विमान के साथ लक्ष्मण और हनुमान जी की वीर मुद्राएं भी बनीं। राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की आकृति भी आसमान में दिखी। रामकथा को घर-घर पहुंचाने वाले महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास की आकृतियां भी बनाई गईं। जैसे-जैसे नए दृश्य उभरते गए, लोगों का उत्साह बढ़ता गया और राम की पैड़ी जय श्रीराम के नारों से गूंजती रही।


बच्चों से बुजुर्गों तक, सबकी नजरें आसमान पर:


शो शुरू होते ही वहां मौजूद हर किसी की नजर आसमान पर टिक गई। परिवार के साथ आए लोग अपने बच्चों को उंगली से इशारा करके आकृतियां दिखाते रहे। युवा फोटो और वीडियो बनाने में लगे रहे। हर खास दृश्य पर तालियां बजती रहीं। श्रद्धालुओं का कहना था कि आस्था के साथ नई तकनीक के इस्तेमाल ने दीपोत्सव को और खास बना दिया।


लोगों ने क्या कहा:


यश सोनकर ने कहा कि राम की पैड़ी पर ऐसा भव्य आयोजन देखना शानदार अनुभव रहा और आसमान में रोशनी से बनते दृश्य देखकर मन खुश हो गया। अमन ने बताया कि ड्रोन शो बहुत अच्छा था और लोगों का जोश देखकर लगा कि पूरी अयोध्या उत्सव में डूबी है। उन्होंने कई खास पल अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किए, ताकि बाद में दोबारा देख सकें। अयोध्या की रहने वाली छवि ने कहा कि दीपोत्सव का माहौल बहुत सुंदर था और राम की पैड़ी पर इतने लोगों को एक साथ उत्सव मनाते देखना हमेशा याद रहेगा।


बनारस से पहली बार दीपोत्सव देखने अयोध्या आए शाश्वत मिश्रा ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव अपने आप में अद्भुत है। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में उत्सव का माहौल था और जगह-जगह जय श्रीराम के नारे गूंज रहे थे। दीयों से सजी रामनगरी और लोगों का उत्साह देखकर उनका मन खुश हो गया।



Related Post

यूपी चुनाव 2027: ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलाया हाथ, दलित-मुस्लिम समीकरण साधने की तैयारी; 150 सीटों पर नजर
उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहने वालों पर बरसे सीएम योगी, बोले- गंगा-यमुना भी उत्तराखंड से आती हैं, ऐसा कहना छोटी सोच
सरयू की 220 टन रेत से बना 58 फीट लंबा राम दरबार, दीपोत्सव में सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का संगठन मजबूत करने में जुटीं प्रियंका गांधी, सपा से गठबंधन की तैयारी तेज
नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का होगा विस्तार, 15.1 किलोमीटर लंबा बनेगा नया कॉरिडोर; 10 स्टेशन बनाएगी L&T
चुनाव सुधार पर अखिलेश यादव का नया प्रस्ताव, आधार और बायोमेट्रिक पहचान से वोटिंग कराने की उठाई मांग

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.