गौतमबुद्ध नगर को मिली इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, 45 बसों को सीएम योगी ने दिखाई गई हरी झंडी

By  Preeti Kamal June 12th 2026 10:24 AM

नोएडा, उत्तर प्रदेश: नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन को लेकर बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की 45 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई, जिनमें से 34 बसें गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र में संचालित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित 5 कालिदास मार्ग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का लोकार्पण किया और बस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा भी मौजूद रहे।

रोजानालाखों यात्रियों को मिलेगा लाभ

नोएडा और ग्रेटर नोएडा देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों में शामिल हैं। यहां आईटी कंपनियां, औद्योगिक इकाइयां, शैक्षणिक संस्थान और बड़े आवासीय सेक्टर स्थित हैं। प्रतिदिन लाखों लोग इन क्षेत्रों में आवागमन करते हैं। हालांकि मेट्रो नेटवर्क उपलब्ध होने के बावजूद कई इलाकों तक पहुंचने के लिए लोगों को निजी कैब, ऑटो या निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से इस समस्या में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

महंगी कैब से मिलेगी राहत

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में छोटी दूरी के सफर के लिए भी लोगों को अक्सर महंगी कैब सेवाओं का सहारा लेना पड़ता है। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र और दैनिक यात्री इससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ महसूस करते हैं। नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को कम खर्च में सुरक्षित, सुविधाजनक और नियमित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे निजी कैब और ऑटो पर निर्भरता भी कम होगी।

जेवर एयरपोर्ट तक आसान होगी पहुंच

इन इलेक्ट्रिक बसों का सबसे बड़ा फायदा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) तक यात्रा करने वाले यात्रियों को मिलेगा। एयरपोर्ट के पूर्ण संचालन के बाद यात्रियों और कर्मचारियों की संख्या में भारी वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में यह बस सेवा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे यात्रियों को महंगी टैक्सी सेवाओं के बजाय किफायती सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिलेगा।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.