UP को मिली नई रफ़्तार: जेवर एयरपोर्ट बनेगा विकास का इंजन, CM योगी ने जताई खुशी...

By  Preeti Kamal March 28th 2026 11:16 AM -- Updated: March 28th 2026 11:07 AM

लखनऊ, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जेवर स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के पहले चरण के उद्घाटन को राज्य के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। मुख्यमंत्री ने इस एयरपोर्ट को 'उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे' करार दिया और इस परियोजना को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता की सराहना की।

प्रधानमंत्री मोदी आज जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करने वाले हैं। इस परियोजना के पहले चरण को लगभग 11,200 करोड़ रुपये की लागत से पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया गया है।

जेवर का एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, "‘नए भारत’ में ‘नए उत्तर प्रदेश’ की विकास यात्रा आज एक और स्वर्णिम मील का पत्थर छूने जा रही है। आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के करकमलों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के पहले चरण का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "जेवर का यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे है। यहां से युवाओं के सपनों को उड़ान मिलेगी, संभावनाएं साकार होंगी और भविष्य नई ऊंचाइयों को छुएगा। इस परिवर्तनकारी परियोजना की नींव रखने वाले किसान भाइयों को विशेष बधाई, आपकी मेहनत ने इस विकास को संभव बनाया है। प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की ओर से प्रधानमंत्री जी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन।"

दिल्ली-एनसीआर वैश्विक एविएशन हब के रूप में होगा

यह एयरपोर्ट राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के लिए एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गेटवे के रूप में देखा जा रहा है, जो देश के एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-एनसीआर के दूसरे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया गया है, जो इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के साथ मिलकर काम करेगा। दोनों एयरपोर्ट मिलकर यात्री दबाव को कम करेंगे, क्षमता बढ़ाएंगे और दिल्ली-एनसीआर को वैश्विक एविएशन हब के रूप में स्थापित करने में मदद करेंगे।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.