UP चुनाव 2027 से पहले योगी, अखिलेश समेत 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट...

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव और मायावती समेत 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी गई हैं, जबकि 98 नेताओं और प्रमुख व्यक्तियों को विभिन्न श्रेणियों की सुरक्षा उपलब्ध कराने की तैयारी है।

By  Preeti Kamal August 22nd 2026 12:30 PM -- Updated: August 22nd 2026 12:02 PM

लखनऊ, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राज्य के 52 नेताओं को सुरक्षा व्यवस्था के तहत बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस सूची में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती भी शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार, बुलेटप्रूफ जैकेट पाने वाले नेताओं में उत्तर प्रदेश सरकार के 11 मंत्री भी शामिल हैं। इनमें संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', ओम प्रकाश राजभर और भाजपा नेता अपर्णा यादव के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। बताया गया है कि एक बुलेटप्रूफ जैकेट की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पहले चरण में आठ नेताओं और दूसरे चरण में 44 नेताओं को जैकेट उपलब्ध कराई गई।

कई नेताओं की सुरक्षा भी बढ़ाई गई

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के कई अन्य नेताओं की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। इनमें स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और महेंद्र सिंह समेत अन्य नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में 98 नेताओं और अन्य प्रमुख व्यक्तियों को विभिन्न श्रेणियों की सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों पर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

2027 चुनाव की तैयारी में जुटी BJP

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी संगठनात्मक और चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने अनुभवी नेता विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है, जबकि जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा इस बार सामाजिक और जातीय समीकरणों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। पार्टी संगठन में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े नेताओं को भी अधिक प्रतिनिधित्व देने की रणनीति पर काम कर रही है।

उम्मीदवारों और स्थानीय मुद्दों पर सर्वे

भाजपा ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अपनी स्थिति का आकलन करने के लिए सर्वे भी शुरू कर दिए हैं। इन सर्वे के जरिए संगठन की मजबूती, संभावित उम्मीदवारों की स्वीकार्यता और स्थानीय मुद्दों पर जनता की राय जुटाई जा रही है। इन आंकड़ों के आधार पर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति और उम्मीदवारों के चयन को अंतिम रूप दे सकती है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.