योगी सरकार में मिशन शक्ति से बेटियों को नेतृत्व का अवसर, चार छात्राओं ने संभाली मध्याह्न भोजन प्राधिकरण की कमान

योगी सरकार की प्रेरणा से मिशन शक्ति अभियान प्रदेश में बालिकाओं को आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और नेतृत्व के व्यावहारिक अवसरों से जोड़ रहा है।

By  Mangala Tiwari October 14th 2026 04:36 PM

लखनऊ: योगी सरकार की प्रेरणा से मिशन शक्ति अभियान प्रदेश में बालिकाओं को आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और नेतृत्व के व्यावहारिक अवसरों से जोड़ रहा है। इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), काकोरी, लखनऊ की चार छात्राओं मुस्कान (कक्षा 8), सरिता (कक्षा 8), साक्षी (कक्षा 8) और राधिका (कक्षा 7) ने बुधवार को मध्याह्न भोजन प्राधिकरण पहुंचकर एक दिन की निदेशक के रूप में सांकेतिक दायित्व संभाला। 


इस पहल के माध्यम से छात्राओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने, विभागीय व्यवस्थाओं की समीक्षा करने और जनहित से जुड़े विषयों पर सुझाव रखने का अवसर मिला। प्राधिकरण के निदेशक प्रेमरंजन सिंह ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया और उनके विचारों को सुना। छात्राओं ने विद्यालयों में रसोई की स्वच्छता, बच्चों को ताजा एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने तथा रसोइयों के प्रशिक्षण को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।


मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत इस प्रकार की पहल बालिकाओं को नेतृत्व का अनुभव देने के साथ उनकी निर्णय क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती है।



नेतृत्व का अनुभव, प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ:


सांकेतिक पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान चारों छात्राओं ने निदेशक की कुर्सी संभाली और विद्यालयों में मध्याह्न भोजन व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी। उन्होंने परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के किचन शेड में स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित करने, बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन देने और भोजन तैयार करने वाली रसोइयों को समय-समय पर स्वच्छता एवं पोषण प्रबंधन का प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।



स्वच्छता और पोषण पर छात्राओं के सुझाव:


छात्राओं ने मध्याह्न भोजन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विद्यालयों में छात्र संख्या के अनुरूप भोजन तैयार करने, निर्धारित मेन्यू में पोषण का ध्यान रखने और आधुनिक किचन व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करने जैसे सुझाव दिए। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर अस्वस्थ बच्चों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी ध्यान देने की बात कही।



निदेशक ने की छात्राओं की पहल की सराहना:


मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक प्रेमरंजन सिंह ने छात्राओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को आगे बढ़ने, निर्णय लेने और समाज में अपनी प्रभावी भूमिका निभाने के अवसर उपलब्ध कराना है। इस तरह के अनुभव छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था समझने और भविष्य में जनसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।



विद्यालयों की स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता पर जोर:


निदेशक ने छात्राओं की ओर से उठाए गए स्वच्छता एवं पोषण संबंधी विषयों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने बताया कि विद्यालयों के किचन शेड में स्वच्छता बनाए रखने और बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विशेष स्वच्छता अभियान चल रहा है। इस पहल के माध्यम से विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता, रसोई की स्वच्छता और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े मानकों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.