UPITS-2026 को लेकर CM योगी का बड़ा प्लान, दुनिया के सामने दिखेगी यूपी की औद्योगिक ताकत
CM योगी आदित्यनाथ ने UPITS-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होने वाले ट्रेड शो में 85 देशों के 550+ अंतरराष्ट्रीय खरीदारों समेत हजारों प्रदर्शकों की भागीदारी का लक्ष्य है।
ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आयोजन की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि UPITS-2026 उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, उत्पादों और निर्यात सामर्थ्य को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ के विजन को आगे बढ़ाने वाला वैश्विक मंच है।
25 से 29 सितंबर तक होगा आयोजन
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले UPITS-2026 का देश और विदेश में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। इस वर्ष UPITS-2026 की थीम ‘UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing and Exports’ रखी गई है। आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.50 लाख से अधिक B2B खरीदारों, 4.50 लाख से अधिक B2C आगंतुकों और 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
हजारों करोड़ रुपये के MoU और बिजनेस इंक्वायरी का लक्ष्य
ट्रेड शो के दौरान 4,000 से अधिक MoU, 3,200 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित MoU और 13,500 करोड़ रुपये से अधिक की बिजनेस इंक्वायरी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को सिंगापुर, ओमान, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, थाईलैंड, जापान, इंडोनेशिया और रूस समेत अन्य देशों के साथ सक्रिय संवाद स्थापित करने और उनकी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की विविध औद्योगिक और आर्थिक क्षमता को एक ही मंच पर प्रभावी ढंग से दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाना चाहिए।
विदेशी खरीदारों और युवाओं के लिए विशेष व्यवस्था
CM योगी ने अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, उद्यमियों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उद्यमी मित्रों की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं और आगंतुकों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए ईवी बसों के संचालन की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि UPITS-2026 उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश के अनुकूल माहौल और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रदर्शित कर सके।