हर साल की तरह इस बार भी वनटांगियों के बीच दीपावली मनाएंगे सीएम योगी, 82.41 करोड़ की 52 परियोजनाओं की देंगे सौगात

गोरखपुर शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर कुसम्ही जंगल में बसे वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में इन दिनों खूब चहल-पहल है।

By  Mangala Tiwari November 7th 2026 05:37 PM

गोरखपुर:  गोरखपुर शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर कुसम्ही जंगल में बसे वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में इन दिनों खूब चहल-पहल है। लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने का इंतजार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री हर साल दीपावली मनाने इसी गांव में आते हैं और गांव वाले अपने घरों के दीये अपने 'योगी बाबा' के नाम जलाते हैं। एक तरफ प्रशासन तैयारियों में लगा है, दूसरी तरफ ग्रामीण भी घरों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट में जुटे हैं।


मुख्यमंत्री रविवार (8 नवंबर) को जंगल तिकोनिया नंबर तीन पहुंचकर वनटांगिया परिवारों के साथ दीपोत्सव मनाएंगे। इस मौके पर वे 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इनमें वनटांगिया गांव को बाहर से जोड़ने वाली इंटरलॉकिंग सड़क, कुसम्ही जंगल में ईको पार्क और पिपराइच में वैश्विक नगर बाजार का निर्माण शामिल है।


योगी आदित्यनाथ ने सांसद और गोरक्षपीठ के उत्तराधिकारी रहते हुए वनटांगिया समुदाय के साथ दीपावली मनाने की जो परंपरा शुरू की थी, वह मुख्यमंत्री बनने के बाद भी जारी है। उनकी दीपावली की शुरुआत इसी गांव से होती है। करीब सौ साल तक उपेक्षा झेलने वाले वनटांगिया समुदाय को नागरिक का दर्जा दिलाने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में योगी आदित्यनाथ की बड़ी भूमिका रही है। यही वजह है कि गांव का हर व्यक्ति उनके आने को लेकर उत्साहित है।


जंगल बसाया, फिर भी बेदखली का डर बना रहा:


अंग्रेजों के समय जब रेल पटरियां बिछाई जा रही थीं, तब रेलवे स्लीपर बनाने के लिए जंगलों से बड़ी संख्या में साखू के पेड़ काटे गए। इसकी भरपाई के लिए अंग्रेज सरकार ने साखू के नए पौधे लगाने और उनकी देखभाल के लिए गरीब भूमिहीनों और मजदूरों को जंगल में बसाया। साखू के जंगल तैयार करने के लिए वर्मा देश की 'टांगिया विधि' अपनाई गई। इसी विधि से जंगल में रहकर पौधों की देखभाल करने वाले लोग वनटांगिया कहलाए।


वर्ष 1918 में कुसम्ही जंगल के पांच इलाकों जंगल तिकोनिया नंबर तीन, रजही खाले टोला, रजही नर्सरी, आमबाग नर्सरी और चिलबिलवा में इनकी पांच बस्तियां बसीं। आसपास महराजगंज के जंगलों में भी अलग-अलग जगहों पर इनके 18 गांव बसे। 1947 में देश आजाद हो गया, लेकिन वनटांगियों की जिंदगी नहीं बदली। जंगल बसाने वाले इन लोगों के पास देश की नागरिकता तक नहीं थी, सुविधाएं तो दूर की बात थीं। जंगल में झोपड़ी के अलावा कुछ भी बनाने की इजाजत नहीं थी। पेड़ों के पत्ते तोड़कर बेचना और मजदूरी करना ही रोजी-रोटी का जरिया था। ऊपर से वन विभाग की बेदखली की कार्रवाई का डर हमेशा बना रहता था।


"महाराज जी नहीं आते तो बदहाली में ही मर-खप जाते":


वर्ष 1998 में योगी आदित्यनाथ पहली बार गोरखपुर के सांसद बने। जब उन्हें वनटांगिया बस्तियों के लोगों की मुश्किल जिंदगी के बारे में पता चला, तो उन्होंने सबसे पहले यहां शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का काम शुरू किया। इसमें उनके नेतृत्व वाली महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की संस्थाओं एमपी कृषक इंटर कॉलेज और एमपीपीजी कॉलेज जंगल धूसड़ को लगाया गया। साथ ही गोरखनाथ मंदिर के गुरु श्री गोरक्षनाथ अस्पताल की मोबाइल मेडिकल सेवा भी यहां पहुंचने लगी। जंगल तिकोनिया नंबर तीन में ये काम वर्ष 2003 में शुरू हुए और 2007 तक दिखने लगे।


गांव के रामगणेश बताते हैं कि वनटांगिया समुदाय को पूरी तरह भुला दिया गया था। वे कहते हैं, 'महाराज जी नहीं आते तो बदहाली में ही मर-खप जाते।' वनटांगिया समुदाय के लोग योगी आदित्यनाथ को 'महाराज जी' कहकर ही बुलाते हैं।


स्कूल बनाने पर झेलना पड़ा मुकदमा:


वनटांगिया बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने के लिए योगी आदित्यनाथ को मुकदमे का सामना भी करना पड़ा। वर्ष 2009 में उनके सहयोगी जंगल तिकोनिया नंबर तीन में बच्चों के लिए एस्बेस्टस शीट डालकर अस्थायी स्कूल बना रहे थे। वन विभाग ने इसे अवैध बताकर मुकदमा दर्ज करा दिया। योगी ने अपने तर्कों से विभाग को चुप करा दिया और स्कूल बन गया। गोरक्षनाथ हिंदू विद्यापीठ नाम का यह स्कूल आज भी उस संघर्ष की याद दिलाता है।


2009 से शुरू हुई दीपावली की परंपरा:


वनटांगियों को आम नागरिकों जैसे अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ने वाले योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2009 से इनके साथ दीपावली मनाना शुरू किया। धीरे-धीरे यह परंपरा बन गई। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी यह सिलसिला नहीं टूटा, हालात चाहे जैसे रहे हों। दीपावली पर मुख्यमंत्री गांव के बच्चों को मिठाई, कॉपी-किताबें और पटाखे देकर पढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। गांव के लोगों को भी कई सौगातें देते हैं।


राजस्व ग्राम बनते ही बदल गई तस्वीर:


योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा में वनटांगियों के अधिकारों की आवाज उठाई और वर्ष 2010 में उन्हें अपनी जगह पर बने रहने का अधिकार पत्र दिलाया। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहले ही साल में उन्होंने वनटांगिया गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिला दिया। इसके बाद इन गांवों के लोग भी उन सभी सुविधाओं के हकदार हो गए, जो आम नागरिकों को मिलती हैं। इसका असर सिर्फ जंगल तिकोनिया नंबर तीन में ही नहीं, बल्कि गोरखपुर और महराजगंज के 23 वनटांगिया गांवों में दिखने लगा।


आज इन गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, स्ट्रीट लाइट, आंगनबाड़ी केंद्र और आरओ वाटर मशीन जैसी सुविधाएं हैं। लोगों के पास मुख्यमंत्री आवास योजना के पक्के मकान, खेती की जमीन, आधार कार्ड, राशन कार्ड और रसोई गैस है। बच्चे स्कूल जा रहे हैं और पात्र लोगों को वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन मिल रही है। अकेले जंगल तिकोनिया नंबर तीन में हर योजना का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है।


"बाबा के गोड़ पड़ल त उदयार हो गइल":


रामगणेश अपनी बोली में कहते हैं, 'गांव में जवन भी काम लउकत बा, सब बाबा के ही करावल है। नाइ त के पूछे वाला रहल। बाबा के गोड़ पड़ल त समझा कि उदयार हो गइल।' पक्के मकान, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, खेती की जमीन का पट्टा और बच्चों के स्कूल का जिक्र करते हुए वे मुख्यमंत्री के आने की बात पर खुश हो जाते हैं। वे कहते हैं, 'अब त बाबा के बिना तिउहार अधूरा लगेला।' रामगणेश यह भी कहते हैं, 'बाबा जी के नजर नाही पड़त त जिनगी बदहाली के नरकवे में बीत जात।'


सड़क, ईको पार्क और बाजार की सौगात:


मुख्यमंत्री इस बार कुल 82.41 करोड़ रुपये की 52 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये के 26 कामों का शिलान्यास और 4 करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये के 26 कामों का लोकार्पण होगा। सबसे खास काम रजही चौराहे से जंगल तिकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक बनने वाली इंटरलॉकिंग सड़क है, जिस पर 3 करोड़ 65 लाख 11 हजार रुपये खर्च होंगे। इससे वनटांगिया लोगों का आना-जाना आसान होगा। बाकी ज्यादातर काम अलग-अलग गांवों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े हैं।


मुख्यमंत्री कुसम्ही जंगल में ईको पार्क और पिपराइच नगर पंचायत में वैश्विक नगर बाजार का शिलान्यास भी करेंगे। ईको टूरिज्म बढ़ाने के लिए कुसम्ही जंगल में 4 करोड़ 84 लाख 81 हजार रुपये से ईको पार्क बनेगा। इसमें स्विस कॉटेज समेत कई सुविधाएं होंगी, जहां पर्यटक हरे-भरे जंगल के बीच सुकून से समय बिता सकेंगे। पिपराइच में वैश्विक नगर बाजार 1 करोड़ 91 लाख 51 हजार रुपये में बनेगा। इसके बनने से पिपराइच का बाजार बेहतर होगा और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।



Related Post

यूपी चुनाव 2027: ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलाया हाथ, दलित-मुस्लिम समीकरण साधने की तैयारी; 150 सीटों पर नजर
उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहने वालों पर बरसे सीएम योगी, बोले- गंगा-यमुना भी उत्तराखंड से आती हैं, ऐसा कहना छोटी सोच
सरयू की 220 टन रेत से बना 58 फीट लंबा राम दरबार, दीपोत्सव में सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का संगठन मजबूत करने में जुटीं प्रियंका गांधी, सपा से गठबंधन की तैयारी तेज
नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का होगा विस्तार, 15.1 किलोमीटर लंबा बनेगा नया कॉरिडोर; 10 स्टेशन बनाएगी L&T
चुनाव सुधार पर अखिलेश यादव का नया प्रस्ताव, आधार और बायोमेट्रिक पहचान से वोटिंग कराने की उठाई मांग

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.