सीएम योगी का बड़ा निर्देश: पात्र बुजुर्गों को जल्द मिले पेंशन, छात्रों को समय पर मिले छात्रवृत्ति...
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में सर्वोदय विद्यालयों के बेहतर प्रबंधन, अभ्युदय योजना की पहुंच बढ़ाने, पात्र वृद्धजनों को जल्द पेंशन देने और वंचित विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल खोलकर 2 अक्टूबर तक राशि भेजने के निर्देश दिए।
लखनऊ, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में समाज कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के बेहतर प्रबंधन, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की पहुंच बढ़ाने, वृद्धावस्था पेंशन से वंचित पात्र लोगों को जल्द लाभ देने और छात्रवृत्ति वितरण को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों से जुड़ी एक स्पष्ट नियमावली तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाने और विद्यालयों के प्रबंधन एवं संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए एक सोसाइटी के गठन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य जरूरी मानव संसाधन की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।
अभ्युदय योजना के 163 केंद्रों में 23,801 विद्यार्थी पंजीकृत
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की भी समीक्षा की और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना की पहुंच और प्रभावशीलता को और बढ़ाने पर जोर दिया। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में 163 केंद्रों के माध्यम से संचालित इस योजना में 1,783 इम्पैनल्ड शिक्षक जुड़े हुए हैं। यूपीएससी, पीसीएस, नीट, जेईई, एनडीए/सीडीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 23,801 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। योजना के तहत चार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी संचालित किए जा रहे हैं।
पात्र वृद्धजनों को जल्द मिले पेंशन का लाभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृद्धावस्था पेंशन योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि जो पात्र वृद्धजन अभी तक योजना के लाभ से वंचित हैं, उनके आवेदनों का सत्यापन जल्द कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आवेदन के सत्यापन से लेकर पेंशन स्वीकृति तक की प्रक्रिया समयबद्ध होनी चाहिए, ताकि पात्र वृद्धजनों को अनावश्यक रूप से इंतजार न करना पड़े और उन्हें जल्द आर्थिक सहायता मिल सके।
छात्रवृत्ति पोर्टल तत्काल खोलने के निर्देश
छात्रवृत्ति वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का लाभ हर पात्र विद्यार्थी तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति से वंचित विद्यार्थियों के लिए आवेदन पोर्टल तत्काल खोलने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हर हाल में 2 अक्टूबर तक पात्र विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि अंतरित कर दी जाए।