उत्तराखंडवासियों को घुसपैठिया कहने वालों पर बरसे सीएम योगी, बोले- गंगा-यमुना भी उत्तराखंड से आती हैं, ऐसा कहना छोटी सोच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने वाले बयान पर कड़ा हमला बोला।

By  Mangala Tiwari November 11th 2026 11:02 PM

लखनऊ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने वाले बयान पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों को गले लगाते हैं और उनके सामने नाक रगड़ते हैं, वही आज देवभूमि के लोगों के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत भी उत्तराखंड से थे। उन्होंने कहा कि मां गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और रामगंगा भी उत्तराखंड से ही आती हैं, ऐसे में वहां के लोगों को घुसपैठिया कहना छोटी सोच और समाज को बांटने वाली मानसिकता दिखाता है। मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ के पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन में उत्तराखंड महोत्सव 2026 को संबोधित कर रहे थे।


माफिया की मौत पर आंसू बहाने वालों को देवभूमि का गौरव नहीं दिखता":


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों पर उंगली उठाने वाले देश की रक्षा में उनका योगदान भूल जाते हैं। उत्तराखंड का नौजवान सरहद पर खड़ा होकर यह नहीं सोचता कि वह उत्तराखंड की सीमा पर है, अरुणाचल में है या राजस्थान में, उसके लिए देश की सुरक्षा सबसे ऊपर होती है। उन्होंने कहा कि छोटी बुद्धि के लोग बड़े पदों पर पहुंचकर बेलगाम बर्ताव करते हैं और जनता ऐसे लोगों को बार-बार नकारती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनका लगाव लोक परंपरा, लोक संस्कृति और लोक आस्था से नहीं, बल्कि खूंखार माफियाओं से है और माफिया के मरने पर ये आंसू बहाते हैं।


चंद्र सिंह गढ़वाली से जनरल रावत तक को किया याद:


मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली का जिक्र करते हुए कहा कि अंग्रेजों के समय निर्दोष भारतीयों पर गोली चलाने का आदेश मिलने पर उन्होंने साफ मना कर दिया था। सजा मिली, फिर भी उनका हौसला नहीं टूटा। मुख्यमंत्री ने देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मौजूदा सीडीएस जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का नाम लेते हुए कहा कि देवभूमि ने देश को कई महान हस्तियां दी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लगभग हर परिवार में सेना के लिए समर्पण का भाव दिखता है।


पंत उपवन सिर्फ उत्तराखंड महापरिषद के कार्यक्रमों के लिए रहेगा:


मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड महापरिषद को भरोसा दिलाया कि पंडित गोविंद वल्लभ पंत उपवन में उसके कार्यक्रम बिना रुकावट चलते रहेंगे। यह जगह उत्तराखंड से जुड़े कार्यक्रमों के लिए ही रहेगी और यहां कोई दूसरी गतिविधि नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड के लोगों के साथ खड़ी है और उन्हें किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।


उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत की बनाई उत्तराखंड महापरिषद पिछले 78 साल से लखनऊ में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं, लोक गायन और खानपान को सहेजने का काम कर रही है। इस महोत्सव में अवध की संस्कृति और देवभूमि की पहचान एक साथ नजर आती है।


उत्तराखंड के व्यंजनों की ब्रांडिंग जरूरी, अब 'एक जिला एक व्यंजन':


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन पोषण और औषधीय गुणों से भरपूर हैं, लेकिन उनकी ठीक से ब्रांडिंग नहीं हो पाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब मिलेट को बढ़ावा दिया, तब लोगों ने कोदो और झंगोरा जैसे अनाजों के बारे में जानना शुरू किया। उन्होंने कहा कि कुल्थ की दाल का स्वाद ऐसा है कि एक बार खाने वाला उसे भूल नहीं सकता। मुख्यमंत्री ने महोत्सव में मड़वा, झंगोरा और चौलाई जैसे पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाने की तारीफ की।


उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' के बाद अब 'वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन' यानी 'एक जिला एक व्यंजन' अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है, क्योंकि स्थानीय खानपान को पहचान दिलाने की बहुत संभावनाएं हैं। उन्होंने उत्तराखंड के कलाकारों को मंच देने और नई पीढ़ी को उनसे जोड़ने की अपील भी की।


जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटने वालों से सावधान रहें:


मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पंचप्रण का जिक्र करते हुए कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अपनी विरासत पर गर्व, गुलामी के प्रतीकों से मुक्ति, सेना और सुरक्षाबलों का सम्मान, सामाजिक एकता और नागरिक कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाना ही विकास की नींव है।


उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, पंचप्रयाग, कैंची धाम और दूसरे तीर्थों की तरह उत्तर प्रदेश के अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, विंध्यवासिनी धाम और नैमिषारण्य भी हमारी साझा विरासत हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वालों से सावधान रहने को कहा।


"पहले अंधेरे में थी अयोध्या, आज जगमगा रही":


मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के समय अयोध्या में अंधेरा और गंदगी रहती थी, जबकि आज अयोध्या और काशी जगमगा रही हैं और भव्य दीपोत्सव व दिव्य कुंभ जैसे आयोजन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पहले बीमारू राज्य था, अब देश की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। पहले जिलों में माफियाओं का दबदबा था, लेकिन अब उनकी हालत बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कोशिश की जाए तो विकास का रास्ता खुलता है।


प्रो. डिमरी और लोक गायिका बीना तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान:


मुख्यमंत्री ने चमोली में जन्मे पद्मश्री वैज्ञानिक प्रोफेसर विजय प्रसाद डिमरी और अल्मोड़ा की मशहूर लोक गायिका बीना तिवारी को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया। उन्होंने दोनों के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले पंडित गोविंद वल्लभ पंत, हेमवती नंदन बहुगुणा और नारायण दत्त तिवारी को भी याद किया और नारायण दत्त तिवारी की जन्मशताब्दी का जिक्र किया।


उत्तराखंड दर्पण स्मारिका का विमोचन, बच्चों ने पेश किया गुरु गोरखनाथ जागर:


मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दूसरे अतिथियों ने उत्तराखंड दर्पण स्मारिका 2026 के विशेषांक 'विकसित भारत श्रेष्ठ भारत' का विमोचन किया। इस दौरान स्मारिका के प्रधान संपादक पूरन सिंह जीना भी मौजूद रहे। इस स्मारिका में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की विकास यात्रा और सांस्कृतिक उपलब्धियों को संजोया गया है।


उत्तराखंड महापरिषद के बाल लोक कलाकारों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री के भाषण के बाद उनके सामने गुरु गोरखनाथ जागर पेश किया गया। कलाकारों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति से जुड़े लोकगीत और नृत्य भी प्रस्तुत किए।


कार्यक्रम में विधायक ओपी श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, कार्यक्रम संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, उत्तराखंड महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चंद्र पंत, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह रावत, सचिव राजेश बिष्ट, सलाहकार चंद्रमोहन नौटियाल, भाजपा नेता चेतन बिष्ट और पार्षद उमेश सनवाल मौजूद रहे। बड़ी संख्या में उत्तराखंड के लोग भी कार्यक्रम में पहुंचे।



Related Post

यूपी चुनाव 2027: ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलाया हाथ, दलित-मुस्लिम समीकरण साधने की तैयारी; 150 सीटों पर नजर
सरयू की 220 टन रेत से बना 58 फीट लंबा राम दरबार, दीपोत्सव में सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस का संगठन मजबूत करने में जुटीं प्रियंका गांधी, सपा से गठबंधन की तैयारी तेज
नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का होगा विस्तार, 15.1 किलोमीटर लंबा बनेगा नया कॉरिडोर; 10 स्टेशन बनाएगी L&T
चुनाव सुधार पर अखिलेश यादव का नया प्रस्ताव, आधार और बायोमेट्रिक पहचान से वोटिंग कराने की उठाई मांग
अयोध्या में जहां कभी श्रद्धालुओं पर बरसती थीं लाठियां, आज वहां जलते हैं लाखों दीपक: CM योगी

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.