ईरानी नेता अली लारीजानी की इज़राइली हमले में मौत, रक्षा मंत्री ने की पुष्टि...

By  Preeti Kamal March 17th 2026 06:30 PM -- Updated: March 17th 2026 05:02 PM

तेल अवीव, इज़राइल: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इज़राइल के रक्षा मंत्री Israel Katz ने मंगलवार को पुष्टि की कि ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारीजानी की तेहरान में रातभर हुए हवाई हमले में मौत हो गई। उन्होंने कहा, “लारीजानी और बसीज कमांडर को आज रात खत्म कर दिया गया और वे विनाश की योजना के प्रमुख अली खामेनेई समेत ‘ईविल एक्सिस’ के अन्य सदस्यों के साथ नष्ट हो गए।” (TPS के हवाले से)

रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री के निर्देश पर किया गया। काट्ज़ ने कहा कि उन्होंने IDF को ईरान के नेतृत्व को निशाना बनाने के आदेश दिए हैं। Israel Defense Forces (IDF) ने इससे पहले पुष्टि की थी कि इसी हमले में ईरान की बसीज अर्धसैनिक बल के कमांडर Gholamreza Soleimani भी मारे गए।

ग़ोलामरेज़ा सुलेमानी भी मारे गए

IDF ने X पर पोस्ट में कहा कि “ग़ोलामरेज़ा सुलेमानी, जो पिछले 6 वर्षों से बसीज यूनिट के कमांडर थे, को निशाना बनाकर खत्म किया गया। उनके नेतृत्व में बसीज ने ईरान में विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए हिंसा, गिरफ्तारियां और बल प्रयोग किया।” रिपोर्ट के मुताबिक, लारीजानी तेहरान में एक प्रमुख शक्ति केंद्र माने जाते थे और देश की आंतरिक राजनीति में उनका खास प्रभाव था। हाल ही में उन्होंने मोजतबा खामेनेई को अगले सुप्रीम लीडर के तौर पर घोषित करने की प्रक्रिया को टाल दिया था, जिससे उनकी भूमिका और अहम मानी जा रही थी।

अली लारीजानी ने अरब दुनिया को  दिया था ये संदेश

इस बीच, IDF ने दक्षिणी लेबनान के कफरा इलाके में हिज़्बुल्लाह के एक बड़े भूमिगत हथियार भंडार पर भी हमला किया, जहां क्रूज मिसाइलों और सैकड़ों रॉकेट्स के होने की जानकारी थी। इससे पहले सोमवार को अली लारीजानी ने अरब दुनिया को संदेश देते हुए कहा था कि ईरान अमेरिका और इज़राइल के खिलाफ अपनी लड़ाई में “दृढ़” है।

उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों में अमेरिकी ठिकानों के रहते ईरान “हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकता।” इसके आगे उन्होंने कहा, “आज का संघर्ष असल में एक तरफ अमेरिका और इज़राइल हैं और दूसरी तरफ मुस्लिम ईरान और प्रतिरोध की ताकतें। अब सवाल है कि आप किस पक्ष में हैं?”

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.