चीन के पूर्व रक्षा मंत्रियों को मौत की सजा, शी जिनपिंग का बड़ा एक्शन...

By  Preeti Kamal May 9th 2026 05:35 PM -- Updated: May 9th 2026 04:42 PM

बीजिंग, चीन: शी जिनपिंग की सेना में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के बीच चीन ने पूर्व रक्षा मंत्रियों Li Shangfu और Wei Fenghe को भ्रष्टाचार के आरोपों में निलंबित मौत की सजा सुनाई है। विश्लेषकों के अनुसार, यह पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ अब तक की सबसे कड़ी कार्रवाइयों में से एक है। यह जानकारी Phayul की रिपोर्ट में दी गई

रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी सैन्य अदालतों ने दोनों नेताओं को बड़े पैमाने पर रिश्वत लेने और शीर्ष रक्षा पदों पर रहते हुए अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने का दोषी पाया। चीनी सरकारी मीडिया के जरिए घोषित ये फैसले PLA के वरिष्ठ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और राजनीतिक निष्ठा की कमी के आरोपों के बीच चल रही कार्रवाई को और तेज करने वाले माने जा रहे हैं।

Li Shangfu और Wei Fenghe को रिश्वत मामले में मिली सज़ा 

Li Shangfu को सैन्य खरीद और हथियार विकास विभाग में रहते हुए रिश्वत लेने और देने दोनों मामलों में दोषी ठहराया गया। वहीं Wei Fenghe को वरिष्ठ सैन्य कमांड पदों पर रहते हुए रिश्वत लेने का दोषी पाया गया।

दोनों को दो साल की राहत अवधि के साथ मौत की सजा दी गई है। चीन में यह कानूनी व्यवस्था आमतौर पर बाद में बिना पैरोल के आजीवन कारावास में बदल दी जाती है, यदि दोषी व्यक्ति इस अवधि में कोई और अपराध नहीं करता। अदालत ने दोनों पूर्व मंत्रियों की सभी निजी संपत्तियां जब्त करने और उनके राजनीतिक अधिकार स्थायी रूप से समाप्त करने का भी आदेश दिया।


कभी चीन की सैन्य नेतृत्व प्रणाली के अहम चेहरे थे दोनों

इन दोनों नेताओं का पतन चीन की सैन्य राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। दोनों कभी चीन की सैन्य नेतृत्व प्रणाली के अहम चेहरे थे। वे स्टेट काउंसिलर और सेंट्रल मिलिट्री कमीशन के सदस्य रह चुके थे, जो PLA की निगरानी करने वाली कम्युनिस्ट पार्टी की सबसे शक्तिशाली संस्था है।

रक्षा मंत्री बनने से पहले इक्विपमेंट डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के प्रमुख थे ली शांगफू

ली शांगफू (Li Shangfu) 2023 में अचानक सार्वजनिक जीवन से गायब हो गए थे, जिसके बाद चीन ने भ्रष्टाचार के आरोपों में उन्हें पद से हटाने और कम्युनिस्ट पार्टी से निष्कासित करने की पुष्टि की थी। रक्षा मंत्री बनने से पहले ली शांगफू इक्विपमेंट डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के प्रमुख थे। उन पर रूस से हथियार खरीद को बढ़ावा देने के आरोप में अमरीका ने पहले ही प्रतिबंध लगाए थे। वहीं Wei Fenghe 2018 से 2023 तक चीन के रक्षा मंत्री रहे और PLA रॉकेट फोर्स के पहले कमांडर भी थे, जो चीन के परमाणु और मिसाइल शस्त्रागार की निगरानी करती है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.