इज़राइल डिफेंस फोर्सेज का बड़ा ऑपरेशन, 1 मिनट में हिज़्बुल्लाह के 70 ठिकाने तबाह...

By  Preeti Kamal April 16th 2026 06:00 PM -- Updated: April 16th 2026 05:22 PM

तेल अवीव, इज़राइल: इज़राइल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने गुरुवार को बताया कि उसने हिज़्बुल्लाह के करीब 70 आतंकी ठिकानों को महज एक मिनट में ध्वस्त कर दिया और दर्जनों आतंकियों को मार गिराया। इज़राइली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि ऑपरेशन के दौरान सैनिकों को बड़ी मात्रा में हथियार बरामद हुए।

बरामद हुए  हथियारों में RPG, कलाश्निकोव राइफलें, गोला-बारूद, ग्रेनेड, एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल, निगरानी उपकरण और अन्य सैन्य साजो-सामान शामिल हैं। IDF ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में सैनिकों ने दर्जनों आतंकवादियों को भी ढेर कर दिया। पोस्ट में कहा गया, “तलाशी अभियान पूरा होने के बाद सैनिकों ने महज एक मिनट में लगभग 70 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।”

पिछले 24 घंटों में 39 सैन्य अभियान चलाए- हिज़्बुल्लाह

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब हिज़्बुल्लाह ने उत्तरी इज़राइल में इज़राइली सैन्य ठिकानों पर दो ड्रोन हमलों की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने नहरिया के पास और लिमन बैरक के नजदीक एक इज़राइली बस्ती को निशाना बनाने का दावा किया। हिज़्बुल्लाह ने यह भी दावा किया कि उसके लड़ाकों ने पिछले 24 घंटों में 39 सैन्य अभियान चलाए, जिनमें इज़राइली ठिकानों, सैनिकों की तैनाती और सैन्य वाहनों को निशाना बनाया गया।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने जारी किया वीडियो संदेश

इस बीच, इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इज़राइली सेना दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के खिलाफ लक्षित अभियान जारी रखे हुए है, साथ ही दीर्घकालिक शांति के लिए बातचीत भी चल रही है। एक वीडियो संदेश में नेतन्याहू ने कहा, “हमारी सेनाएं हिज़्बुल्लाह पर लगातार हमले कर रही हैं। बिंत जुबैल में केंद्रित लड़ाई जारी है।”

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बिंत जुबैल को हिज़्बुल्लाह का प्रमुख गढ़ बताते हुए कहा कि इज़राइल इसे खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि इज़राइल और लेबनान के बीच “हिज़्बुल्लाह को खत्म करने” और “स्थायी शांति” स्थापित करने के लिए बातचीत चल रही है। हालांकि कूटनीतिक प्रयासों के बावजूद दोनों पक्षों के बीच संघर्ष जारी है और दक्षिणी लेबनान के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।


© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.