इज़राइल ने जारी किया नया वीडियो, दिखाया कैसे ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम को बनाते हैं निशाना...

By  Preeti Kamal April 7th 2026 03:45 PM -- Updated: April 7th 2026 02:23 PM

तेल अवीव, इज़राइल: इज़राइल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें दिखाया गया है कि वह ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम को कैसे निशाना बनाते हैं। जारी किए गए इस वीडियो में मिसाइल पर लगे कैमरों के जरिए हमले के आखिरी पलों को दिखाया गया है। दावा किया गया है कि यह फुटेज ईरान के सैन्य ढांचे से जुड़े एयर डिफेंस सिस्टम पर हमले के दौरान का है, जिसका मकसद तेहरान की बहु-स्तरीय रक्षा प्रणाली को कमजोर करना है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किए गए इस वीडियो के साथ IDF ने कहा, “मिसाइल के नजरिए से विशेष फुटेज: एयर फोर्स किस तरह ईरानी शासन के एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाती है। एयर फोर्स की इंटेलिजेंस शाखा के मार्गदर्शन में सटीक हमलों के जरिए 130 से ज्यादा एयर डिफेंस सिस्टम नष्ट किए गए हैं।”

ईरानी मिसाइल और रडार ठिकाने निशाने पर रहे

हाल के हफ्तों में इज़राइल और अमेरिका दोनों की सैन्य ब्रीफिंग में यह सामने आया है कि व्यापक क्षेत्रीय तनाव के बीच ईरान की हवाई रक्षा प्रणाली को निष्क्रिय करने की कोशिशें जारी हैं। United States Central Command ने भी वीडियो साझा कर बताया कि संयुक्त हमलों के दौरान ईरानी मिसाइल और रडार ठिकानों को निशाना बनाया गया।

इससे पहले IDF ने दावा किया था कि उसके सैनिकों ने दक्षिणी लेबनान में ऑपरेशन के दौरान भूमिगत ठिकाने और हथियारों के जखीरे बरामद किए हैं। IDF के अनुसार, “दक्षिणी लेबनान में सैनिकों ने भूमिगत रहने की जगहों का पता लगाया और सैन्य जैकेट, RPG रॉकेट, विस्फोटक उपकरणों के साथ UNHCR का झंडा भी बरामद किया।”

हमले में 4 लोगों की मौत और 39 लोग घायल हुए

अतिरिक्त तलाशी में AK-47 राइफल, RPG लॉन्चर और स्नाइपर राइफल जैसे कई हथियार भी मिले। इससे पहले टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस (Tedros Adhanom Ghebreyesus) ने उस हमले की निंदा की थी, जो लेबनान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रफ़ीक हरीरी विश्वविद्यालय अस्पताल से मात्र 100 मीटर की दूरी पर हुआ। इस हमले में 4 लोगों की मौत हुई और 39 लोग घायल हुए, साथ ही पास के रिहायशी इलाके को भारी नुकसान पहुंचा। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब इज़राइल ने लेबनान में अपने सैन्य अभियान का विस्तार किया है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.