बीजिंग में भारत-चीन वार्ता, द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने पर जोर

By  Preeti Kamal May 19th 2026 03:00 PM -- Updated: May 19th 2026 02:22 PM

बीजिंग, चीन: भारत और चीन ने द्विपक्षीय संबंधों को “स्थिर, पूर्वानुमान योग्य और पारस्परिक रूप से लाभकारी” बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। चीन स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि भारत के राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने बीजिंग में चीन के विदेश मंत्रालय के एशियाई मामलों के विभाग के महानिदेशक लियू जिनसोंग से परिचयात्मक मुलाकात की।

 इस दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय सहयोग की स्थिति की समीक्षा की। भारतीय दूतावास ने सोमवार को X पर पोस्ट करते हुए बताया कि बातचीत में “द्विपक्षीय संबंध, क्षेत्रीय घटनाक्रम, लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने और ब्रिक्स ढांचे के तहत सहयोग” जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

आपसी संवाद के बीच दोनों देश सहमत

दोनों अधिकारियों ने भारत और चीन के बीच लगातार राजनयिक संवाद जारी रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने सहमति जताई कि दोनों देशों के नेताओं के दृष्टिकोण के अनुरूप स्थिर, पूर्वानुमान योग्य और पारस्परिक लाभकारी संबंधों को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे।

सफल मेजबानी के लिए भारत को दी बधाई

इससे पहले 15 मई को भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने नई दिल्ली में 14-15 मई को आयोजित ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक की सफल मेजबानी के लिए भारत को बधाई दी थी।

चीन के विदेश मंत्री वांग यी की अनुपस्थिति में बैठक में चीन का प्रतिनिधित्व करने वाले शू फेइहोंग ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य के बीच ब्रिक्स देशों ने विभिन्न मुद्दों पर गहन और रचनात्मक चर्चा की। उन्होंने कहा कि चीन सभी सदस्य देशों के साथ एकजुटता और सहयोग को और मजबूत करने के लिए तैयार है।

शू फेइहोंग ने सोशल मीडिया पर शेयर की पोस्ट

शू फेइहोंग ने X पर लिखा, “जटिल वैश्विक परिस्थितियों के बीच ब्रिक्स देशों ने कई मुद्दों पर गहन और सकारात्मक चर्चा की। चेयर स्टेटमेंट और आउटकम डॉक्यूमेंट अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों, ब्रिक्स के भविष्य और वैश्विक शासन प्रणाली में सुधार पर व्यापक सहमति को दर्शाते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “अगले अध्यक्ष देश के रूप में चीन सभी साझेदारों के साथ सहयोग और एकजुटता को गहरा करने के लिए तैयार है और अगले वर्ष चीन में सहयोगियों का स्वागत करने को उत्सुक है।”

भारत के नए राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने 7 मई को संभाली कमान

इससे पहले 7 मई को चीन में भारत के नए नियुक्त राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने चीन के विदेश मंत्रालय के सहायक विदेश मंत्री और प्रोटोकॉल विभाग के महानिदेशक होंग लेई को अपने परिचय पत्र की प्रति सौंपी थी। भारतीय दूतावास के अनुसार, यह समारोह बीजिंग में आयोजित हुआ, जिसने चीन में भारतीय राजदूत के औपचारिक कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया को चिह्नित किया।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.