कुवैत में हमले में भारतीय नागरिक की मौत, भारतीय दूतावास ने जताया शोक...
कुवैत शहर: कुवैत में भारतीय दूतावास ने सोमवार को कुवैत में एक हमले में भारतीय नागरिक की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कुवैत शहर (Kuwait City) से जारी बयान में दूतावास ने कहा कि वह कुवैती अधिकारियों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दूतावास ने लिखा, "कुवैत में एक जल-लवणीकरण (डिसैलिनेशन) संयंत्र पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की दुखद मृत्यु पर भारतीय दूतावास गहरी संवेदना व्यक्त करता है। दूतावास कुवैती अधिकारियों के साथ समन्वय में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।"
जनता से की गई अपील- शांति बनाए रखें, अफवाहों से बचें
इससे पहले, कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि रविवार शाम हुए कथित ईरानी हमलों में एक प्रमुख पावर और जल-लवणीकरण संयंत्र की सर्विस बिल्डिंग को भारी नुकसान पहुंचा, जिसमें एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई। मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, यह हमला कुवैत के एक पावर और जल-लवणीकरण संयंत्र की सर्विस बिल्डिंग पर किया गया, जिससे एक भारतीय नागरिक की मौत हुई और इमारत को "भारी भौतिक नुकसान" पहुंचा।
बयान में कहा गया कि कुवैत राज्य के खिलाफ ईरानी आक्रामकता के तहत एक पावर और जल-लवणीकरण संयंत्र की सर्विस बिल्डिंग पर हमला किया गया। इससे एक भारतीय (कर्मचारी) की मौत हुई और इमारत को भारी नुकसान पहुंचा। घटना के तुरंत बाद तकनीकी और आपातकालीन टीमों को तैनात किया गया, जिन्होंने स्वीकृत आपात योजनाओं के तहत स्थिति को संभालने और संयंत्र की संचालन क्षमता बनाए रखने का काम शुरू किया।
मंत्रालय ने कहा कि यह कार्रवाई कुवैत की सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों के साथ पूर्ण समन्वय में की गई, ताकि प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित किया जा सके। प्रवक्ता ने जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की, साथ ही कहा कि स्थिति के विकास के अनुसार आधिकारिक जानकारी पारदर्शी तरीके से साझा की जाएगी।