ब्रिक्स NSA बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंचे ईरान के सुरक्षा अधिकारी गदीर नेज़ामी

यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत वर्ष 2026 में चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। इससे पहले भारत 2012, 2016 और 2021 में भी ब्रिक्स की अध्यक्षता कर चुका है। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का विषय “बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” रखा गया है।

By  Preeti Kamal June 22nd 2026 12:10 PM -- Updated: June 22nd 2026 11:30 AM

नई दिल्ली: ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (Supreme National Security Council) के उप सचिव गदीर नेज़ामी सोमवार को राजधानी नई दिल्ली पहुंचे। वह 22-23 जून को आयोजित होने वाली ब्रिक्स (BRICS) राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (NSA) और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों की बैठक में हिस्सा लेंगे।अपने दौरे के दौरान गदीर नेज़ामी विभिन्न सहभागी देशों के अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे और सुरक्षा संबंधी मुद्दों तथा बहुपक्षीय सहयोग पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

भारत स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उप सचिव गदीर नेज़ामी 22 जून को नई दिल्ली पहुंचे हैं। वह ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों की बैठक में भाग लेंगे। अपने प्रवास के दौरान वह कई विशेष सत्रों में शामिल होंगे और विभिन्न देशों के अधिकारियों से सुरक्षा मुद्दों एवं बहुपक्षीय सहयोग पर चर्चा करेंगे।”

बैठक की अध्यक्षता NSA अजीत डोभाल करेंगे

भारत 22-23 जून 2026 को ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक की मेजबानी कर रहा है। विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल करेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और प्रतिनिधिमंडल प्रमुख “आज की दुनिया के सामने मौजूद गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियां” विषय पर विचार-विमर्श करेंगे।

बैठक में होगी कई अहम मुद्दों पर चर्चा

बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी तेजी से बदलती चुनौतियों, उभरते सुरक्षा खतरों में नई तकनीकों की भूमिका और वैश्विक सुरक्षा पर उनके प्रभाव पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल प्रमुख हाल ही में आयोजित ब्रिक्स संयुक्त कार्य समूहों की बैठकों, आतंकवाद-रोधी सहयोग और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) के सुरक्षित उपयोग के परिणामों की भी समीक्षा करेंगे।

भारत चौथी बार ब्रिक्स सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है

यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत वर्ष 2026 में चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। इससे पहले भारत 2012, 2016 और 2021 में भी ब्रिक्स की अध्यक्षता कर चुका है। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता का विषय “बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” रखा गया है। यह विषय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2025 के रियो शिखर सम्मेलन में प्रस्तुत ‘जन-केंद्रित और मानवता-प्रथम’ दृष्टिकोण को दर्शाता है।

दुनिया की 11 अर्थव्यवस्थाओं का एक मंच है ब्रिक्स समूह

ब्रिक्स समूह दुनिया की 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों, ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात को एक मंच पर लाता है। यह संगठन वैश्विक और क्षेत्रीय महत्व के समकालीन मुद्दों, राजनीतिक एवं आर्थिक शासन, आतंकवाद-रोधी सहयोग, जलवायु परिवर्तन, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था, व्यापार, कृषि, श्रम और रोजगार जैसे विषयों पर सहयोग और संवाद का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.